बसना। प्राचीन कबीर कुटी तरेकेला मे स्थानीय महंत लखन मुनि साहेब के मार्गदर्शन में सात दिवसीय सरस संगीतमय श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का भव्य आयोजन 18 फरवरी से 24 फरवरी तक किया जा रहा है। इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में सुप्रसिद्ध कथा वाचिका ज्योति किशोरी जी श्रीधाम वृंदावन के मुखारविंद से कथा का रस प्रवाहित हो रहा है।
जिससे क्षेत्र के भगवत प्रेमी एवं श्रद्धालु भक्त वृन्द आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं।
इस धार्मिक आयोजन का नेतृत्व प्रतिवर्षानुसार महंत लखन मुनि साहेब के पावन सान्निध्य में हो रहा है, जहां श्रद्धालु लोकतंत्र के महापर्व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भक्ति भाव में लीन हो रहे हैं।
कथा स्थल पर भजन-कीर्तन के साथ भक्तिमय आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।
व्यासपीठ से कथा प्रवचन के दौरान कथा वाचिका ज्योति किशोरी जी ने बताया कि, चल रहे चुनावी माहौल में भी भगवत भक्ति के प्रति सैकडों लोगों का इस ओर प्रेम आध्यात्मिक महत्व को दर्शाता है। वर्तमान समय में जहां लोग अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मानसिक शांति और आत्मिक शुद्धता के लिए भक्ति मार्ग अपनाना रहे है। श्रीमद भागवत कथा न केवल आत्मा के कल्याण का माध्यम है, बल्कि यह समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को स्थापित करने का भी सशक्त साधन है।
कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्तजन संगीतमय भजनों और कथा वाचन के माध्यम से आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं। भक्ति गीतों की गूंज और प्रवचनों की मधुर वाणी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। जिससे लोगों के मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार, 18 फरवरी से लेकर 24 फरवरी तक प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा। भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।
यह आयोजन न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बन रहा है, जहां श्रद्धा और आस्था का संगम देखने को मिल रहा है।