Home छत्तीसगढ़ मुख्य लिपिक अनिता राऊत सेवानिवृत्त, मुद्रणालय में दी गई भावभीनी विदाई

मुख्य लिपिक अनिता राऊत सेवानिवृत्त, मुद्रणालय में दी गई भावभीनी विदाई

47
0

राजनांदगांव। शासकीय क्षेत्रीय मुद्रणालय में कार्यरत मुख्यलिपिक श्रीमती अनिता राऊत अपनी अधिवार्षिकी सेवा अवधि पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गईं। इस अवसर पर मुद्रणालय परिसर में विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें आत्मीय सम्मान के साथ भावभीनी विदाई दी गई।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के दुर्ग संभाग अध्यक्ष एवं जिला शाखा सचिव तथा विभागीय उप समिति के जिला संयोजक आनंदकुमार श्रीवास्तव ने बताया कि समारोह में शासकीय क्षेत्रीय मुद्रणालय के सहायक संचालक श्री नकुल ध्रुव प्रमुख रूप से उपस्थित थे। वहीं पूर्व सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं हरिओम हॉस्टल के संचालक श्री ठा. नरेंद्र सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस दौरान मुद्रणालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रीमती राऊत का गुलाल से तिलक कर पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया। स्नेह के प्रतीक के रूप में उन्हें यात्री बैग, दीवार घड़ी, स्मृति-चिह्न, मानपत्र, स्टील का पानी ड्रम सहित विभिन्न उपहार भेंट किए गए।

समारोह में वक्ताओं ने श्रीमती राऊत के सुखद भविष्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इसके पूर्व श्रीमती अनिता राऊत ने दोपहर में अपने सभी सहकर्मियों के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया था।

अंत में आनंदकुमार श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में सहयोग और सहभागिता के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।