राजनांदगांव। शासकीय कमला देवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गृह विज्ञान विभाग एवं मिनीमाता शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के सीडीएम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 18 एवं 19 नवंबर को ‘सतही अलंकरण’ (सरफेस ऑर्नामेंटेशन) विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। दोनों संस्थानों के बीच हुए एमओयू के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में छात्राओं को पेंटिंग, प्रिंटिंग, कढ़ाई और आधुनिक मशीनों की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य छात्राओं में कौशल विकास के साथ स्वरोजगार और उद्यमशीलता की संभावनाओं को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यशाला के प्रथम दिन 18 नवंबर को सहायक प्राध्यापक डॉ. रेणु त्रिपाठी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. निवेदिता लाल ने एसईसी विषय की उपयोगिता बताते हुए छात्राओं को अपने हुनर को विकसित कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष श्रीमती ममता आरदेव ने एमओयू के उद्देश्यों और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता मिनीमाता शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के सीडीएम विभाग की अध्यक्ष डॉ. मृदुल रत्न चौरसिया ने पेंटिंग, प्रिंटिंग और एसईसी विषय पर व्याख्यान दिया। इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के साथ छात्राओं को स्टेंसिल प्रिंटिंग, स्क्रीन प्रिंटिंग, मार्बल पेंटिंग और एम्ब्रॉयडरी की तकनीकों का प्रदर्शन कर व्यावहारिक अभ्यास कराया। प्रथम दिवस के अंत में अतिथि व्याख्याता डॉ. अर्चना खरे ने आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला के दूसरे दिन 19 नवंबर को छात्राओं को मिनीमाता शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज का भ्रमण कराया गया। यहां उन्हें वस्त्र एवं अलंकरण से संबंधित विभिन्न आधुनिक मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष श्रीमती ममता आरदेव ने विशेष व्याख्यान में बताया कि सतही अलंकरण किसी भी सतह को सजाने की कला है। इसके माध्यम से रचनात्मक कल्पनाओं को उपयोगी उत्पादों में बदला जा सकता है। यह कला छात्राओं के लिए स्वरोजगार का अच्छा माध्यम बन सकती है। उन्होंने कहा कि इस विधा से रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित होने के साथ उद्यमशीलता को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यशाला में बीए एवं बीएससी गृह विज्ञान के प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर सहित एसईसी की सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



