राजनांदगांव। कमला कॉलेज की पांच छात्राओं का चयन दिसंबर में बिहार में आयोजित होने वाली ईस्टजोन अंतर विश्वविद्यालयीन हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। छात्राएं हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह उपलब्धि राजनांदगांव जिले की महिला हैंडबॉल टीम के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता बनने के बाद हासिल हुई है।
पंडित हरिशंकर शिक्षा महाविद्यालय, जांजगीर में 17 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में राजनांदगांव जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने शुरुआती पूल मैचों में बलौदाबाजार और कांकेर जिले को एकतरफा मुकाबलों में पराजित किया। इसके बाद सेमीफाइनल में रायपुर जिले को 11-09 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा, जिसमें राजनांदगांव की टीम ने बिलासपुर जिले को 15-02 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। पूरी प्रतियोगिता के दौरान कमला कॉलेज की छात्राओं कनक, ज्योति, करुणा, लिशा और तनुजा का प्रदर्शन सराहनीय रहा। उत्कृष्ट खेल के लिए कनक को बेस्ट शूटर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय की क्रीड़ाधिकारी डॉ. नीता एस. नायर ने बताया कि चयनित पांचों छात्राएं अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी श्रीमती शबनम अंसारी से पिछले कई वर्षों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। सभी छात्राएं तीन-चार वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर स्कूल गेम्स में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व भी कर रही हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ईस्टजोन अंतर विश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता दिसंबर में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, बिहार में आयोजित होगी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं को राजनांदगांव जिले के कोच रजा कुरैशी का विशेष मार्गदर्शन मिला। महाविद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. निवेदिता ए. लाल, डॉ. ओंकार लाल श्रीवास्तव, आलोक कुमार जोशी, अमरनाथ निपाद एवं डॉ. नीता एस. नायर ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।



