राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन ने आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कसावट को ध्यान में रखते हुए बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। इस फेरबदल के तहत राजनांदगांव के वरिष्ठ एवं सक्रिय भाजपा नेता अतुल रायजादा पर संगठन ने एक बार फिर बड़ा भरोसा जताया है। प्रदेश संगठन ने उन्हें दुर्ग संभाग का नया संभाग प्रभारी नियुक्त किया है।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से 16 सितंबर को जारी आधिकारिक सूची में अतुल रायजादा के नाम की घोषणा की गई। जारी आदेश के अनुसार, रायजादा के साथ विनायक नातू को दुर्ग संभाग का सह-प्रभारी बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि दुर्ग संभाग के दायरे में राजनांदगांव और दुर्ग जिले का महत्वपूर्ण राजनीतिक क्षेत्र शामिल है।
अतुल रायजादा का नाम जिले के समर्पित और प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता है। इससे पहले भी वे राजनांदगांव भाजपा संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों को सफलतापूर्वक संभाल चुके हैं। इसके अलावा वे जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सक्रिय भूमिका दर्ज करा चुके हैं। उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्र में मजबूत पकड़ को देखते हुए ही प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदेश भाजपा द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि सभी संभाग प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। रायजादा की इस नई नियुक्ति से राजनांदगांव व दुर्ग संभाग के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके मार्गदर्शन में दुर्ग संभाग में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।



