राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ हॉकी की वार्षिक आमसभा 13 सितंबर को दोपहर 12 बजे लालबाग स्थित होटल आवाना में होगी। आमसभा में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा और विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ हॉकी की नई कार्यकारिणी के चुनाव परिणाम की औपचारिक घोषणा भी की जाएगी।
आमसभा में वर्ष 2026-2030 के आगामी कार्यकाल के लिए गठित नई कार्यकारिणी के 11 पदों पर निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के नाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन प्रक्रिया के बाद चुनाव परिणाम की औपचारिक घोषणा आमसभा के दौरान होगी।
निर्वाचन अधिकारी और पर्यवेक्षक रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रतिनिधि, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ तथा हॉकी इंडिया के पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे। उनकी मौजूदगी में निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित औपचारिकताओं को पूरा किया जाएगा।
जिला इकाइयों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
वार्षिक आमसभा में छत्तीसगढ़ हॉकी के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न जिला इकाइयों के प्रतिनिधि और संबंधित सदस्य शामिल होंगे। आमसभा के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्ययोजना से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।



