Home छत्तीसगढ़ अघोर आश्रम की अनूठी पहल : मोहारा मुक्तिधाम में चला स्वच्छता अभियान

अघोर आश्रम की अनूठी पहल : मोहारा मुक्तिधाम में चला स्वच्छता अभियान

24
0
Spread the love

राजनांदगांव। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति सामाजिक चेतना जागृत करने के उद्देश्य से शक्तिधाम अघोर शोध एवं जनकल्याण आश्रम, बाबूटोला द्वारा ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ का शंखनाद किया गया है। इसी संकल्प के तहत रविवार को मोहारा स्थित मुक्तिधाम परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाकर पूरे परिसर की सूरत बदली गई।

आश्रम के गुरुदेव हरीश यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में सेवाभावी सदस्यों ने श्रमदान किया। इस दौरान मुक्तिधाम परिसर की बारीकी से सफाई की गई और नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया।

श्मशान आध्यात्मिक ऊर्जा और अंतिम सत्य का केंद्र : गुरुदेव
अभियान के दौरान गुरुदेव श्री यादव ने अघोर परंपरा के गूढ़ रहस्यों और सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए कहा कि अघोर परंपरा में श्मशान का एक विशेष व पवित्र महत्व है। यह स्थल केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र ही नहीं, बल्कि मनुष्य को जीवन के अंतिम सत्य का बोध कराने वाली भूमि भी है। ऐसे पावन और संवेदनशील स्थलों की स्वच्छता व संरक्षण करना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

आगामी रविवार को रेलवे स्टेशन पर बुझेगी प्यास
समिति ने इस अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर दूरगामी कार्ययोजना तैयार की है, स्वच्छता पखवाड़ा के अगले चरण में आगामी रविवार को रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए ठंडे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। शहर के विभिन्न वार्डों में स्थित मुक्तिधामों और श्मशानों में हर रविवार को क्रमिक रूप से सफाई अभियान चलाया जाएगा। केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके जीवित रहने की गारंटी भी तय की गई है। मुक्तिधामों में सघन पौधरोपण कर उनकी देखरेख का जिम्मा स्थानीय सदस्यों को सौंपा जाएगा।

श्रमदानियों ने बहाया पसीना, ग्रामीणों ने बढ़ाया हौसला
इस पुनीत कार्य में समिति के अखिलेश बंजारा, पिंटू देवांगन, श्रेष्ठा यादव, सिद्धार्थ, रूद्र बंजारा, लाडो, अदिति, धानवी, निकी, पिंटू निषाद, प्रशांत वर्मा, किशन चौरसिया, भैरव सिंह, अजय यादव, लव यादव, बिट्टू रामटेके, राकेश देवांगन, लक्की धनकर, आशीष साहू और आर्यन सहित अनेक युवाओं व सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। श्रमदान कर रहे इन सेवाभावी सदस्यों के उत्साहवर्धन के लिए स्थानीय ग्राम के सजग नागरिक कुशल देवांगन की ओर से स्वल्पाहार और पेयजल की सराहनीय व्यवस्था की गई। गुरुदेव श्री यादव ने अंत में अपील की कि समाज की सक्रिय सहभागिता से ही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के बड़े लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। आश्रम की इस अनूठी पहल की पूरे शहर में सराहना हो रही है।