रायपुर। आज विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तीसरी बार राज्य का बजट पेश किया। अपने बजट में उन्होंने देश की आधी आबादी नारी शक्ति को बड़ा तोहफा दिया है। वित्त मंत्री ने महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीकरण पर रजिस्ट्री शुल्क में 50% की छूट की घोषणा की है। इसे एक बड़ी घोषणा के रूप में माना जा रहा है। हालांकि यह नियम आगामी वर्ष से लागू होगा।
विधानसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि “अध्यक्ष महोदय सुशासन की परिभाषा क्या हो सकती है– इस विद्वान सदन में उपस्थित प्रत्येक सदस्य के अपने-अपने पैमाने और मापदंड हो सकते हैं, किंतु यदि कोई मुझे यह प्रश्न करें तो मैं पूर्ण विश्वास और दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ यह कह सकता हूं कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन की यह सरकार नीति, न्याय, निवेश, निर्माण और नवाचार इन पंच तत्वों पर आधारित है।



