Home छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव ने सुतियापाट नहर विस्तारीकरण, सिंचाई एवं पेयजल आपूर्ति के...

मुख्यमंत्री विष्णु देव ने सुतियापाट नहर विस्तारीकरण, सिंचाई एवं पेयजल आपूर्ति के लिए 78 करोड़ 45 लाख रुपए की घोषणा की

25
0
Spread the love

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

कवर्धा। जिला के वनांचल ग्राम दलदली में सुशासन तिहार के समाधान शिविर में मंगलवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री साय ने सुतियापाट नहर विस्तारीकरण परियोजना को जल्द पूरा करने और 26 गांव में सिंचाई योजना एवं 54 गांव में पेयजल आपूर्ति हेतु रामपुर (ठाठापुर)-दशरंगपुर-इंदौरी और मरका तक पाइप लाइन विस्तार हेतु 78 करोड़ 54 लाख रुपए की स्वीकृति देने की घोषणा की। साथ ही क्षीरपानी जलाशय से 66 गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए 1 करोड़ 23 लाख रुपए की स्वीकृति और दलदली में कन्हाई नदी द्वारा घरों तक जल आपूर्ति की घोषणा भी मंच से की गई जिससे किसानों और ग्रामवासियों में उत्साह दिखाई दिया और सभी ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।
प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को जिले के दुर्गम पहाड़ियों पर बसे ग्राम दलदली पहुँचे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि, दलदली सहित पूरे वनांचल क्षेत्र में पीने के पानी की बड़ी समस्या का अब स्थाई समाधान होगा। यहां की कनई नदी से पेयजल लाकर हर घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेयजल संकट दूर करने के लिए सरकार लगातार बड़े फैसले ले रही है। कबीरधाम जिले में क्षीरपानी जलाशय से कुसुमघटा जल प्रदाय योजना के तहत 123 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 66 ग्रामों में जलापूर्ति होगी। वहीं रामपुर ठाठापुर दशरंगपुर सुतियापाठ जल प्रदाय योजना के लिए 78 करोड़ 45 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है, जिससे 54 ग्रामों को लाभ मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख नए आवासों की स्वीकृति दी है। उन्होंने कहा कि इन आवासों के लिए हमने सड़क पर लंबी लड़ाई लड़ी है और आज इस संघर्ष का सुखद परिणाम छत्तीसगढ़ के गाँव-गाँव में नजर आने लगा है। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि केंद्रीय पंचायत मंत्री शिवराज सिंह चौहान जल्द ही अंबिकापुर प्रवास पर आ रहे हैं और प्रदेश को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत और भी बड़ी सौगात मिलने जा रही है।

मुख्यमंत्री के आगमन पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने हैलीपैड में उनका स्वागत किया और कार्यक्रम में शिरकत करते हुए जनता को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा सुतियापाट नहर विस्तारीकरण, सिंचाई योजना और ग्रामवासियों के लिए पेयजल आपूर्ति के लिए करोड़ों की स्वीकृति और दलदली में कन्हाई नदी द्वारा घरों तक जल आपूर्ति की घोषणा करने के लिए मुख्यमंत्री श्री देव साय का आभार व्यक्त किया। पंडरिया विधायक भावना ने कहा कि सुतियापाट आहार विस्तारीकरण हेतु हमने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान कड़ा संघर्ष किया, हजारों की संख्या में ग्रामवासियों, किसानों के साथ हमने प्रदर्शन, पदयात्रा और ट्रैक्टर एवं बैलगाड़ी यात्रा निकालकर इस मांग को पूरा करने के लिए निरंतर संघर्ष किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल मार्गदर्शन व नेतृत्व में डबल इंजन भाजपा सरकार बनने के बाद इसकी स्वीकृति मिली और मार्च 2024 में इस कार्य का भूमिपूजन करने का अवसर मुझे मिला जो आजीवन मुझे स्मरणीय रहेगा। इस नहर के विस्तारीकरण से जहाँ 26 गाँव के 3250 हेक्टेयर भूमि में किसानों को सिंचाई हेतु पर्याप्त जल की पूर्ति होगी जिससे हमारे किसानों के फसलों की पैदावर अधिक होगी और वे आर्थिक रूप से सशक्त होंगे।

भावना बोहरा ने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने सबसे पहले किसानों के हित में निर्णय लिया, उन 18 लाख गरीब परिवारों के लिए निर्णय लिया जिन्होंने अपने पक्के आवास का सपना देखा था, उन युवाओं के लिए निर्णय लिए जो रोजगार की तलाश कर रहे थे और जिनका भविष्य कांग्रेस ने सीजी-पीएससी जैसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दी, उन माताओं-बहनों के सशक्तिकरण के लिए निर्णय लिया गया जो पांच वर्षों तक अपेक्षित थी। किसानों को दो वर्ष के बकाया धान बोनस मिला, 3100 रुपए प्रति क्विंटल में आज धान खरीदी हो रही है, महतारी वंदन योजना से प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह 1000 रुपए की आर्थिक सहयता मिल रही है, तेंदुपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपए प्रति मानक बोरा और गरीब परिवारों को आवास मिला। आज इन संकल्पों को पूरा करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में रुके विकास कार्यों को नए पंख दिए। आज पूरे प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, अधोसंरचना निर्माण से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिल रही है, तो वहीं जनता को सुविधा भी मिल रही है।

0 हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे
सुशासन तिहार के माध्यम से मुख्यमंत्री के निर्देशन में जनप्रतिनिधि और प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रही है। प्रदेश के गरीब, युवा, किसान, महिला, व्यापारी एवं सभी वर्गों के उत्थान के लिए जनहितैषी योजनाएं एवं कल्याणकारी फैसले से प्रदेश की समृद्धि और हर व्यक्ति के विकास हेतु पूर्ण समर्पित होकर कार्य कर रही है। हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” यह केवल एक नारा नहीं बल्कि भाजपा सरकार का संकल्प है कि जिस छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य का दर्ज स्व.अटल जी ने दिया था उसे विकसित और समृद्ध बनाने के लिए हम निरंतर अपने दायित्वों को पूरा करें।