Home छत्तीसगढ़ शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में पहली बार हुआ भव्य सावन उत्सव, बच्चों...

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में पहली बार हुआ भव्य सावन उत्सव, बच्चों ने खेल, मूक अभिनय ,संस्कृति और देशभक्ति के रंगों से सजाया विद्यालय परिसर

15
0
Spread the love

कोलिहा। शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में सावन की हरियाली, लोक संस्कृति, परंपरा और देशभक्ति के सुंदर संगम के रूप में सावन उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। श्रीमती चित्रा साहू के सान्निध्य एवं शाला परिवार के सामूहिक प्रयास से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यालय के लिए विशेष और नवाचारपूर्ण रहा। विशेष रूप से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में पहली बार सावन उत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा सावन उत्सव पोस्टर, हरेली त्योहार से संबंधित पोस्टर तथा आकर्षक सजावट तैयार की गई। विद्यार्थियों के लिए मेहंदी प्रतियोगिता, झूला प्रतियोगिता, गेड़ी प्रतियोगिता एवं मटका फोड़ प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने सभी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और खेल भावना का परिचय दिया।

सावन उत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में शाला प्रांगण में झूला लगाया गया, जिसे बच्चों ने मिलकर सुंदर ढंग से सजाया। नंद कुमार ध्रुव सर द्वारा झूला बांधने की व्यवस्था की गई तथा बच्चों ने उसे आकर्षक रूप से सजाया। झूले पर बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी आनंद लिया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर खुशी और उल्लास से भर उठा।

गेड़ी प्रतियोगिता भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। बच्चों ने उत्साहपूर्वक गेड़ी पर चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए स्वयं गेड़ी पर चढ़ने का प्रयास किया। शिक्षक और विद्यार्थियों की इस सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक मनोरंजक एवं यादगार बना दिया।

मटका फोड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे उत्साह और रोमांच के साथ भाग लिया। मटका फोड़ने के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरा शाला प्रांगण तालियों एवं हर्षोल्लास से गूंज उठा।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी विशेष आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने सावन, हरियाली और प्रकृति से संबंधित गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। आगामी स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए देशभक्ति गीत एवं देशभक्ति नृत्य भी प्रस्तुत किए गए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के संचालन एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक श्री सुरेश डाडेकर सर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। योगेश कुमार धुव के द्वारा  गतिविधियों को बोर्ड पर विस्तारपूर्वक प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। प्रतियोगिताओं के संचालन से लेकर विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं व्यवस्थाओं तक सभी शिक्षकों ने सामूहिक रूप से योगदान दिया।

श्रीमती चित्रा साहू के मार्गदर्शन में आयोजित यह सावन उत्सव विद्यालय के नवाचारों में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपरा, प्रकृति और देशभक्ति से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।

सावन की हरियाली, लोक संस्कृति, खेल, गीत-संगीत और देशभक्ति के रंगों से सजा शाला परिसर पूरे दिन हंसी, उमंग, उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा। शाला परिवार के सामूहिक प्रयास से सावन उत्सव सफलतापूर्वक एवं यादगार रूप में संपन्न हुआ।