Home छत्तीसगढ़ योगशाला के बाल साधकों की बड़ी उपलब्धि : पार्थ और हरीश ने...

योगशाला के बाल साधकों की बड़ी उपलब्धि : पार्थ और हरीश ने पहले ही प्रयास में राज्य स्तरीय योगासन स्पर्धा में बनाई जगह

16
0
Spread the love

राजनांदगांव। स्थानीय गायत्री विद्यापीठ में 5 एवं 6 अगस्त को आयोजित संभाग स्तरीय शालेय योगासन खेल स्पर्धा में राजनांदगांव के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पार्थ पारधी एवं हरीश वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय योगासन खेल स्पर्धा के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। दोनों खिलाड़ियों का चयन 14 वर्ष आयु बालक वर्ग के रिदमिक पेयर इवेंट में उनके उत्कृष्ट खेल कौशल और प्रभावी प्रस्तुति के आधार पर हुआ है।
खास बात यह है कि, दोनों खिलाड़ियों ने पहले ही प्रयास में यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सीमित अवधि के अभ्यास के बावजूद दोनों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन करते हुए संभाग स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई। इससे पूर्व संभाग स्तरीय योगासन खेल स्पर्धा के लिए योगशाला के कुल आठ खिलाड़ियों का चयन हुआ था, जिसमें पांच बालिकाएं समृद्धि विश्वकर्मा, दीक्षा वर्मा, प्रियांशी सिंह, खुशी सिन्हा एवं देवांशी साहू तथा तीन बालक यशस्व ठाकुर, पार्थ पारधी एवं हरीश वर्मा शामिल थे। सभी खिलाड़ियों ने जिला स्तर पर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद संभाग स्तर तक पहुंचकर संस्था और शहर का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षकों की कड़ी मेहनत और निरंतर मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रशिक्षक श्रुति ताम्रकार, दीक्षा ताम्रकार, प्रेम साहू एवं मोहित सोनी ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास कराते हुए उनकी तकनीक, प्रस्तुति और खेल कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी खिलाड़ी संस्था के संचालक एवं शहर के लोकप्रिय योगाचार्य किशोर माहेश्वरी के मार्गदर्शन में योगासन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। सभी खिलाड़ी नीरज पेरेंट्स प्राइड स्कूल, बलदेव बाग में अध्ययनरत हैं। उनकी इस उपलब्धि पर योगासन भारत के जिला अध्यक्ष हेमंत तिवारी व लक्ष्मण लोहिया, नीरज पेरेंट्स प्राइड स्कूल के संचालक नीरज बाजपेयी और योगशाला योग प्रशिक्षण संस्थान के संचालक व योगाचार्य किशोर माहेश्वरी, शाला परिवार सहित परिजनों एवं मित्रों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की है।