Home छत्तीसगढ़ बस्तर पंडुम 2026 में दंतेवाड़ा का डंका, 12 में से 3 विधाओं...

बस्तर पंडुम 2026 में दंतेवाड़ा का डंका, 12 में से 3 विधाओं में प्रथम पुरस्कार

35
0
Spread the love

दंतेवाड़ा / गत दिवस जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम 2026 में दंतेवाड़ा जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 विधाओं में से 3 विधाओं में प्रथम पुरस्कार हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विजेता कलाकारों और दलों को 50-50 हजार रुपये के चेक एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अनुसार जनजातीय नृत्य विधा में गौर माड़िया नृत्य का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर बुधराम सोढ़ी, जिला दंतेवाड़ा, एवं वहीं जनजातीय व्यंजन विधा में श्रीमती ताराबती, जिला दंतेवाड़ा तथा, जनजातीय गीत विधा में ग्राम पालनार के गायन दल की मगली और उनकी साथियों को पहला स्थान मिला। दंतेवाड़ा के कलाकारों ने जनजातीय गीत, नृत्य और व्यंजन जैसी विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नृत्य, गीत, साहित्य, व्यंजन, पेय पदार्थ, औषधि, वेशभूषा-आभूषण, चित्रकला, वाद्ययंत्र एवं नाटक सहित कुल 12 विधाओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। ज्ञात हो कि द्वितीय पुरस्कार के रूप में 30-30 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 20-20 हजार रुपये के चेक के अलावा बस्तर पंडुम 2026 में भाग लेने वाले शेष 48 प्रतिभागी दलों को प्रोत्साहन स्वरूप 10-10 हजार रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया।