साउथ के मशहूर एक्टर सूर्या अपनी उम्दा अदाकारी के लिए दर्शकों के बीच जाने जाते हैं। इस एक्टर के नाम दो नेशनल अवॉर्ड, छह फिल्मफेयर अवॉर्ड हैं। सूर्या की कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन किया है। सूर्या की कुछ तमिल फिल्में इतनी हिट हुईं कि इनके हिंदी रीमेक भी नामी कलाकारों के साथ बने। इस एक्टर ने साउथ की ही चर्चित एक्ट्रेस ज्योतिका से शादी की है। सूर्या के जन्मदिन के मौके पर जानिए, उनके करियर और लव लाइफ से जुड़ी खास बातें।
सूर्या की इन फिल्मों के बॉलीवुड में बने रीमेक
सूर्या ने अपने फिल्मी करियर में कई हिट फिल्में दी हैं। कुछ फिल्में तो बॉक्स ऑफिस पर खूब चलीं। आगे चलकर सूर्या की चर्चित फिल्मों के हिंदी रीमेक भी बने। इस लिस्ट में ये फिल्में शामिल हैं।
गजनी: आमिर खान की फिल्म ‘गजनी’ 2008 में रिलीज हुई लेकिन यह फिल्म सूर्या की इसी नाम की फिल्म का हिंदी रीमेक थी। सूर्या की फिल्म ‘गजनी’ 2005 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में भी असीन हीरोइन के रोल में दिखीं।
काखा-काखा : साल 2003 में सूर्या की एक फिल्म ‘काखा काखा’ रिलीज हुई। इसमें ज्योतिका सूर्या के अपोजिट नजर आईं। इस फिल्म को बॉलीवुड में ‘फोर्स(2011)’ नाम से बनाया, जिसमें जॉन अब्राहम ने लीड रोल किया था। हिंदी फिल्म में हीरोइन जेनेलिया डिसूजा थीं।
सिंघम : सूर्या ने फिल्म ‘सिंघम(2010)’ में एक दबंग पुलिस ऑफिसर का रोल किया था। इसी फिल्म को साल 2011 में बॉलीवुड में अजय देवगन के साथ बनाया गया। रोहित शेट्टी ने इस फिल्म के कई सीक्वल भी बनाए।
सोरारई पोटरू: साल 2024 में अक्षय कुमार ने एक फिल्म ‘सिरफिरा’ की थी। यह फिल्म भी सूर्या की तमिल फिल्म ‘सोरारई पोटरू’ का रीमेक थी। सूर्या की फिल्म 2020 में रिलीज हुई, इसको बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड भी मिला है।
साउथ फिल्माें में सूर्या ने निभाए यादगार किरदार
सूर्या ने तमिल सिनेमा में उम्दा फिल्में और किरदार किए हैं। अपने किरदारों के साथ सूर्या ने खूब एक्सपेरिमेंट भी किए हैं। जानिए, ऐसे ही कुछ चर्चित किरदारों के बारे में।
तमिल फिल्म ‘गजनी(2005)’ में सूर्या ने संजय नाम के एक बिजनेसमैन का किरदार निभाया। फिल्म में सूर्या ने कमाल का अभिनय किया था। प्रेमिका की हत्या का बदला लेने के लिए और उससे बिछड़ने के दर्द को सूर्या ने बखूबी पर्दे पर उतारा था। इस फिल्म को ए आर मुर्गदास ने निर्देशित किया था।
तमिल फिल्म ‘सिंघम (2010)’ में भी एक ईमानदार, दबंग पुलिस ऑफिसर का रोल सूर्या ने निभाया था। इस फिल्म को के.ई ज्ञानवेल राजा ने निर्देशित किया था।
पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म ‘रक्तचरित्र (2010)’ में सूर्या ने उम्दा एक्शन, एक्टिंग की। इस फिल्म के डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा थे।
2016 में रिलीज हुई तमिल फिल्म ‘24’ में टाइम ट्रैवल की कहानी थी। सूर्या ने इस फिल्म में तीन रोल एक साथ निभाए। वह पिता और बेटे के रोल में दिखे और विलेन भी खुद ही बने। इस फिल्म को विक्रम कुमार ने निर्देशित किया था।
जय भीम (2021) में सूर्या ने एक वकील का रोल किया था, जो शोषित लोगों को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ता है। इस फिल्म के डायरेक्टर टी.जे ज्ञानवेल थे।
कमल हासन की फिल्म ‘विक्रम(2022)’ में सूर्या की एंट्री सबसे आखिर में होती है। मगर चंद मिनट के रोल में वह छा जाते हैं। इस फिल्म के सीक्वल में उनके किरदार को बढ़ाकर दिखाया जाएगा। फिल्म को लोकेश कनगराज ने निर्देशित किया था।
फिल्म ‘सोरारई पोटरु(2020)’ में सूर्या ने ऐसा किरदार निभाया था, जिसकी ख्वाहिश गरीब लोगों के लिए सस्ती एयरलाइन बनाने की है। इस साल रिलीज हुई फिल्म ‘कंगुवा’ में एक योद्धा की भूमिका में सूर्या नजर आए। फिल्म ‘रेट्रो(2025)’ में भी टाइम ट्रैवल की एक कहानी लेकर सूर्या दर्शकों के सामने आए। इस सभी फिल्मों में उनके किरदार अलग तरह के रहे।
ज्योतिका संग फिल्मी अंदाज वाली है लव स्टोरी
फिल्मों से इतर सूर्या की लव स्टोरी की बात करें तो यह भी बिल्कुल फिल्मी है। ज्योतिका और सूर्या ने पहली बार एक फिल्म ‘पूवेल्लम केत्तुप्पर’ में साथ अभिनय किया। इस फिल्म के सेट पर ही दोनों की पहली मुलाकात हुई। इसी फिल्म के सेट पर दोनों के बीच दोस्ती हुई। धीरे-धीरे इनकी दोस्ती गहरी होती चली गई। आगे चलकर फिल्म ‘काखा काखा’ के निर्देशक को ज्योतिका ने सूर्या का नाम सुझाया। इस तरह इस फिल्म में दोनों ने साथ एक्टिंग की। फिल्म ‘काखा काखा’ के दौरान दोनों ने डेटिंग भी शुरू की। कुछ साल तक डेट करने के बाद सूर्या और ज्योतिका ने 11 सितंबर 2006 को शादी कर ली। इस पावर कपल के दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। ज्योतिका ने करियर के मुश्किल वक्त में सूर्या का साथ दिया और हौसला बढ़ाया है।



