भारतीय युवा कांग्रेस ने राहुल गांधी को कथित तौर पर बदनाम करने के लिए चलाए जा रहे समन्वित दुष्प्रचार और महिलाओं की गरिमा का उपहास करने के खिलाफ देशभर में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। भारतीय युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा, सामाजिक कल्याण के अभियान, जिसके तहत बिहार में महिलाओं को सैनेटरी पैड बांटे जा रहे हैं, उस पर राजनीतिक हमला कर रही है। कांग्रेस ने महिलाओं को लुभाने के लिए बिहार में उन्हें मुफ्त पैड बांटने की योजना बनाई। हालांकि कांग्रेस की यह योजना जल्दी ही चर्चा का विषय बन गई और इस पर विवाद हो गया।
राहुल गांधी के खिलाफ दुष्प्रचार करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
भारतीय युवा कांग्रेस ने एक बयान जारी कर कहा कि ‘बिहार में महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित करने की एक नेक पहल को तोड़-मरोड़ कर पेश करके, भाजपा शर्मनाक निम्न स्तर पर पहुंच गई है। इस प्रचार में महिलाओं के प्रति घृणा और राजनीतिक हताशा की बू आ रही है। इसके गंभीर परिणाम होंगे।’ युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्ण अल्लावरु, अध्यक्ष उदय भानु छिब और कानूनी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रूपेश सिंह भदौरिया ने बताया कि इससे संबंधित सामग्री को फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कई राज्यों में कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है।
कई राज्यों में दर्ज कराए गए मुकदमे
युवा कांग्रेस ने दावा किया कि 5 जुलाई को कॉमेडियन रतन रंजन द्वारा राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए एक ‘छेड़छाड़ की गई अश्लील वीडियो’ प्रसारित की गई, जिसे ऋषि बागरी और अरुण कोसली सहित कई सोशल मीडिया हैंडल द्वारा प्रसारित किया गया। युवा कांग्रेस ने दावा किया कि 5 जुलाई को कॉमेडियन रतन रंजन द्वारा राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए एक ‘छेड़छाड़ की गई अश्लील वीडियो’ प्रसारित की गई, जिसे ऋषि बागरी और अरुण कोसली सहित कई सोशल मीडिया हैंडल द्वारा प्रसारित किया गया। युवा कांग्रेस से इस मामले में बंगलूरू, तेलंगाना, दिल्ली और साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत की है। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 192, 336, 354, 294, 196 और 197 के साथ-साथ आईटी अधिनियम 2000 की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
‘भाजपा ने सभी हदें पार कीं’
बिहार युवा कांग्रेस प्रभारी अल्लावरु ने भाजपा पर अपनी राजनीतिक विफलताओं से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘भाजपा ने शालीनता की सभी हदें पार कर दी हैं। वे बिहार में अपनी हार से ध्यान भटकाने के लिए तस्वीरों से छेड़छाड़ करके महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। यह केवल हमारे नेता के बारे में नहीं है – यह हर भारतीय महिला की गरिमा के बारे में है।’ भाजपा आईटी सेल एक जन कल्याणकारी पहल का उपहास करने के लिए गंदगी फैला रही है। रूपेश सिंह भदौरिया ने वीडियो को ‘सुनियोजित मानहानि अभियान’ बताते हुए कहा कि यह ‘केवल डिजिटल नफरत नहीं है बल्कि यह महिलाओं को अपमानित करने, विपक्ष के नेता को राजनीतिक रूप से बदनाम करने की साजिश है।’



