बड़ेपंधी के ग्रामीणों ने होली के दिन शराब का सेवन न करने का लिया था संकल्प
सरायपाली. ग्राम बड़ेपंधी में होली का त्यौहार सौहार्द पूर्ण तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्राम बैगा चमरू सिदार द्वारा ग्राम्य देवी देवताओं की पूजा अर्चना के पश्चात होलिका दहन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय,जय जय श्रीराम, धर्म की जय हो,अधर्म का नाश हो के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।
अगली सुबह होलिका दहन की राख, रंग, फूल और गुलाल से प्रेम पूर्ण होली उत्साह और उमंग से खेली गई एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी। ज्ञात हो ग्रामीणजनों के आदेशानुसार किसी भी व्यक्ति ने होली के दिन शराब का सेवन नहीं किया और हँसते मुस्कुराते होली खेली। ग्रामीण नशा का सेवन न करके पूरे क्षेत्र में मिसाल कायम की जो चर्चा का विषय बना हुआ है।बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर ध्वनि विस्तारक यंत्र पर लगे प्रतिबंध के कारण डी जे भी नहीं लगाया गया था। लेकिन पारंपरिक फ़ाग गीतों को गाकर आनंद में कोई कमी नहीं होने दी। जहाँ लोगों ने अपने से बड़ों को रंग लगाकर चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया वहीं बड़ों ने गले लगाकर उन्हें होली की बधाइयाँ दी। नशापान से दूर पारिवारिक वातावरण में खेली गई होली के लिए नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती मंजुलता प्रकाश भोई ने ग्रामवासियों का धन्यवाद ज्ञापित कर बधाई और शुभकामना दी है।



