सुरेश चंद्र श्रीवास्तव
कवर्धा।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को झूठी एवं भ्रामक खबरों से ब्लैकमेल कर अवैध उगाही करने वाले कथित पत्रकारों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीन पत्रकारों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इन आरोपियों के विरूद्ध पुलिस कठोर कार्रवाई कर रही है, जिससे इन अपराधों पर लगाम लगने की संभावना जताई जा रही है।
एस पी धर्मेंद्र सिंह ने कहा – बाइट
कथित पत्रकारों के गिरोह का शिकार हुए पीड़ित कर्मचारियों ने 18 मार्च 25 को कवर्धा पुलिस में आकर अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई और आप बीती बताई। प्रार्थी मदन सिंह पुरले पिता बचन सिंह 44 वर्ष, निवासी करनकापा, थाना लालपुर जिला मुंगेली और प्रभात गुप्ता नेत्र सहायक अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोंडी की शिकायत पर अमन बिसारिया, रियाज अत्तारी, फिरोज खान और अजय जांगड़े के खिलाफ धारा 319 (2), 308 (2), 61 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम शिकायतकर्ता मदन सिंह पुरले ग्रामीण चिकित्सा सहायक के रूप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिंभौरी में कार्यरत हैं। आरोपियों ने उन्हें वित्तीय अनियमितता की खबर प्रकाशित करने की धमकी दी और इसके बदले उनका निलंबन, सेवा समाप्ति एवं ट्रांसफर कराने की कोशिश की। इस दबाव में आकर आरोपियों ने प्रार्थी से कुल ₹10,000 की अवैध वसूली की। इसमें से ₹5,000 क्यूआर कोड के माध्यम से और ₹5,000 नगद ट्रांजैक्शन के जरिए दिया गया।
प्रार्थी ने बताया कि आरोपियों ने फोन कॉल करके उसे धमकाया और फिर उसे पैसे देने के लिए मजबूर किया। अमन बिसारिया कथित मंत्री का निज सचिव, गुप्तचर सेवा ने प्रार्थी को सबसे पहले कॉल करके छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य सचिव श्री अमित कटारिया तक मामले को भेजने और कार्यवाही की धमकी दी। उसके बाद, रियाज अत्तारी ने ₹10,000 की मांग की, जिससे दबाव में आकर प्रार्थी ने पैसे दे दिए। इसके बाद रियाज अत्तारी ने प्रार्थी से कहा कि अब उसे फिरोज खान और अजय जांगड़े को भी सेट करना होगा अन्यथा वे भी उसके खिलाफ झूठी खबरें प्रकाशित करेंगे। दूसरी शिकायत में प्रार्थी प्रभात गुप्ता ने बताया कि फर्जी पत्रकारों ने उनके खिलाफ झूठी खबरें प्रकाशित कर मानसिक प्रताड़ना दी। आरटीआई द्वारा दबाव बनाया और निलंबन की धमकी देकर ₹32,000 की अवैध वसूली की।
1. अमन बिसारिया कथित मंत्री जी का निज सचिव (विजिलेंस) और वॉयस चेंजर ऐप का उपयोग करके महिला की आवाज में फोन करने वाला व्यक्ति
2. रियाज अत्तारी टाइम्स न्यूज इंडिया पोर्टल संचालक
3. फिरोज खान 24 सीजी न्यूज का कथित पत्रकार
4. अजय जांगड़े पोर्टल संचालक
पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने बताया कि यह गिरोह अपने न्यूज पोर्टल के नाम पर लोगों को ब्लैकमेल कर उगाही करता था। इनमें से तीन आरोपी कथित या फर्जी पत्रकार हैं, जो अपने पोर्टल के माध्यम से लोगों को मानसिक और वित्तीय रूप से प्रताड़ित कर अवैध रूप से पैसे वसूलते थे। इनमें से किसी के पास भी जनसंपर्क विभाग से अधिकृत पत्रकार प्रमाण पत्र अथवा अन्य कोई दस्तावेज नहीं है। जबकि अमन बिसारिया प्राइवेट आई टेक्नीशियन है और वह महिला की आवाज में फोन करता था और फिर लोगों से दबाव बनाकर पैसे मांगता था। आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 114/2025 और अपराध क्रमांक 115/2025 के तहत थाना कवर्धा में दोनों शिकायतों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इन मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जा रही है, जिससे अपराधों से जुड़े लोगों में भय बना रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री सिंह के निर्देश अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन और एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना कवर्धा की पुलिस टीम ने तत्परता से कार्यवाही कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी कवर्धा लालजी सिन्हा के नेतृत्व में इस पूरे प्रकरण की जांच जारी है। कबीरधाम पुलिस ने मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी में साइबर सेल कवर्धा के अधिकारियों और टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। एएसआई चंद्रकांत तिवारी, संजीव तिवारी, प्रआर चुम्मन साहू, अभिनव तिवारी और पूरी साइबर सेल टीम ने विशेष रूप से सहयोग किया और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी के साथ भी इस प्रकार के धोखाधड़ी, उत्पीड़न या अवैध वसूली के मामले सामने आते हैं, तो वे बिना किसी हिचकिचाहट के पुलिस से संपर्क करें।



