Home देश अस्पताल में महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में BJP का CM...

अस्पताल में महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में BJP का CM ममता पर वार, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल

66
0
Spread the love

कोलकाता. पश्चिम बंगाल में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की हत्या के मामले ने राजनीतिक रुख ले लिया है। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने इस मामले में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार को घेरा और राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल किए। भाजपा नेता ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में बंगाल में मां माटी और मानुष सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मामले में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रियंका चतुर्वेदी अभी तक चुप हैं।
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, “आज यह स्पष्ट हो गया कि ममता बनर्जी सरकार के नेतृत्व में बंगाल में मां माटी और मानुष सुरक्षित नहीं हैं। केवल दुष्कर्मी और भ्रष्टाचारी ही सुरक्षित हैं। जवाबदेह कौन हैं? क्या पश्चिम बंगाल में महिलाएं सुरक्षित हैं? अगर इसमें कुछ भी छिपाने का नहीं है तो ममता बनर्जी इस मामले की जांच सीबीआई से क्यों नहीं करा रही? सबसे ज्यादा परेशान करनी वाली चीज यह है कि राहुल गांधी प्रियंका गांधी, प्रियंका चतुर्वेदी ये सभी अबतक चुप हैं। वे अब क्या कहेंगे?”
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने भी इस मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरा। उन्होंने कहा, “ममता जी बंगाल में आपके शासन में क्या हो रहा है? एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म, क्रूरता की हद पार हो गई और क्या वहां निष्पक्ष जांच होगी? आज देशभर के सभी डॉक्टर हड़ताल पर हैं। ममता जी आपकी सरकार में चुनाव के दौरान विपक्ष के साथ क्या होता है, ये तो हम जानते ही हैं। क्या आप डॉक्टर बेटियों के साथ दुर्व्यवबार को लेकर भी यही कहेंगी? बंगाल में जो हो रहा है, वह सरकारी आतंक का भयावह सच है। हम सीबीआई जांच की मांग करते हैं। भाजपा ने पहले भी इसे लेकर कहा। ममता जी आप लगातार सीबीआई जांच से भाग रही हैं। कम से कम एक मृत डॉक्टर को तो न्याय दो।”

क्या है पूरा मामला?
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ दरिंदगी की घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की है। मृतक मेडिकल कॉलेज में चेस्ट मेडिसिन विभाग की स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की छात्रा और प्रशिक्षु डॉक्टर थीं। गुरुवार को अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद रात के 12 बजे उसने अपने दोस्तों के साथ डिनर किया। इसके बाद से महिला डॉक्टर का कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह उस वक्त मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया जब चौथी मंजिल के सेमिनार हॉल से अर्ध नग्न अवस्था में डॉक्टर का शव बरामद हुआ। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया गया। पोस्टमॉर्टम की शुरुआती रिपोर्ट से पता चला है कि महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। जूनियर महिला डॉक्टर का शव गद्दे पर पड़ा हुआ था और गद्दे पर खून के धब्बे मिले। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि मृतक महिला डॉक्टर के मुंह और दोनों आंखों पर था। गुप्तांगों पर खून के निशान और चेहरे पर नाखून के निशान पाए गए। होठ, गर्दन, पेट, बाएं टखने और दाहिने हाथ की उंगली पर चोट के निशान थे।