Home छत्तीसगढ़ भदौरिया चौक पर आप का सदस्यता अभियान, लोगों को पार्टी से जोड़ने...

भदौरिया चौक पर आप का सदस्यता अभियान, लोगों को पार्टी से जोड़ने की पहल

10
0

राजनांदगांव। आम आदमी पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला आम आदमी पार्टी राजनांदगांव द्वारा भदौरिया चौक में सदस्यता अभियान के तहत कैनोपी कैम्प का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों से सीधा संवाद कर उन्हें पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। साथ ही लोगों को पार्टी से जुड़कर बदलाव की मुहिम में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों को बताया कि आम आदमी पार्टी की राजनीति का मूल उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देना, जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना और एक ईमानदार, पारदर्शी एवं जवाबदेह राजनीतिक व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में काम करना है। कैंप के माध्यम से लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराते हुए सदस्यता ग्रहण करने तथा संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग देने की अपील की गई।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होती है। प्रदेश में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आम नागरिकों का जागरूक होना और राजनीतिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन के विस्तार और जनाधार मजबूत करने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी, लोकसभा महासचिव लोमेश्वर रामटेके, लोकसभा उपाध्यक्ष अशोक चौबे, जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोनी, राजीव यादव, सूरज डोंगरे एवं आरिफ खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी के साथी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभी ने सामूहिक रूप से सदस्यता अभियान को सफल बनाने और पार्टी की विचारधारा को शहर के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।।पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि आम जनता की आवाज बनकर उनकी समस्याओं को उठाना और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव के लिए निरंतर संघर्ष करना है। जनसंपर्क और सदस्यता अभियान के माध्यम से संगठन को बूथ एवं वार्ड स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

भदौरिया चौक में आयोजित इस अभियान के जरिए पार्टी ने आम नागरिकों तक अपनी पहुंच बढ़ाने और नए लोगों को संगठन से जोड़ने की पहल की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बदलाव की शुरुआत जनता की सक्रिय भागीदारी से होती है और इसी विश्वास के साथ आम आदमी पार्टी जनहित एवं काम की राजनीति को लेकर अपना अभियान आगे बढ़ा रही है।