राजनांदगांव। राजनांदगांव के शासकीय दिग्विजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के जबरदस्त उत्साह, जिज्ञासा और नवीन विचारों का सार्थक संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, राष्ट्र निर्माण और ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जुड़े कई महत्वपूर्ण और समसामयिक सवाल पूछे, जिनका अतिथियों ने सहजता और विस्तार से जवाब दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती शताब्दी पांडे और जिला भाजपा अध्यक्ष श्री कोमल सिंह राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुचित्रा गुप्ता ने की।
वक्ताओं ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी प्रतिभा, ऊर्जा और नवाचार ही ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने का मुख्य आधार हैं। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल विचारों का आदान-प्रदान करना नहीं है, बल्कि युवाओं की जिज्ञासाओं को समझना, उनकी सोच को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है।
कार्यक्रम के अंत में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री अतुल रायजादा ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमें मिलकर युवाओं की आवाज़ को मंच देना होगा, उनके विचारों को नई दिशा देनी होगी और सामूहिक रूप से विकसित भारत के संकल्प को साकार करना होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापकों और बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।



