Home खेल जेएनवी डोंगरगढ़ में राष्ट्रीय खेल दिवस पर उमड़ा उत्साह, 160 छात्रों ने...

जेएनवी डोंगरगढ़ में राष्ट्रीय खेल दिवस पर उमड़ा उत्साह, 160 छात्रों ने दिखाया दम

19
0
Spread the love

डोंगरगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर खेल भावना, अनुशासन, टीम वर्क और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।

भाषण में दिया सर्वांगीण विकास का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्रा आस्था वर्मा और छात्र कामेंद्र ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर अपनी बात रखी। उन्होंने सारगर्भित भाषण के जरिए खेलों के जीवन में योगदान को रेखांकित किया और साथी विद्यार्थियों को नियमित खेल गतिविधियों से जुड़कर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने के लिए प्रेरित किया।

होनहार खिलाड़ियों का बढ़ा मान
खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 160 से अधिक प्रतिभागियों और खिलाड़ियों को मंच पर सम्मानित किया गया। उपप्राचार्य संजय कुमार मंडल और व्याख्याता जानकी उइके ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में खेल प्रशिक्षक अनुपमा रावत, रवामिनी और ओडिशा फेडरेशन ऑफ इंडिया की कोच मानव की गरिमामयी मौजूदगी रही। उनके प्रेरक विचारों से छात्रों को खेल के मैदान में आगे बढ़ने का नया प्रोत्साहन मिला।

मंच संचालन और आभार
समारोह का प्रभावी मंच संचालन उमा देवी धुर्वे ने किया। इस दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों की प्रतिभा को सराहा। कार्यक्रम के समापन पर अनिल कुमार पाल ने आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।