Home छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय सेवा योजना अभिमुखीकरण एवं नशा मुक्ति अभियान कार्यशाला संपन्न

राष्ट्रीय सेवा योजना अभिमुखीकरण एवं नशा मुक्ति अभियान कार्यशाला संपन्न

11
0
Spread the love

राजनांदगांव। शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) अभिमुखीकरण एवं नशा मुक्ति अभियान कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्राओं को एनएसएस की गतिविधियों, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुख्य वक्ता शिवनाथ महाविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एसआर कन्नौजे, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रामकुमारी धुर्वा तथा नशा मुक्ति अभियान प्रचारक एवं राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन उपस्थित रहे। इस दौरान रामकुमारी धुर्वा ने प्रेरणादायी गीत भी प्रस्तुत किया।

प्राचार्य डॉ. अंजली अवधिया ने छात्राओं को एनएसएस की जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए कहा कि यह केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का माध्यम है। पढ़ाई और डिग्री के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने में एनएसएस महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

सीनियर छात्राओं दिव्या शर्मा और प्रज्ञा बाम्बेश्वर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि एनएसएस से जुड़ने के बाद उनके व्यक्तित्व में निखार आया और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई।

मुख्य वक्ता डॉ. एसआर कन्नौजे ने राष्ट्रीय सेवा योजना की नियमित एवं शिविर गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने एनएसएस के ए, बी और सी प्रमाण-पत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलने वाले लाभ और विभिन्न क्षेत्रों में मिलने वाले बोनस अंकों के बारे में भी जानकारी दी।

नशा मुक्ति अभियान प्रचारक तुलेश्वर कुमार सेन ने नशे के कारणों और इसके व्यक्ति, परिवार तथा समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने गीतों, कविताओं और आंकड़ों के माध्यम से नशा मुक्ति अभियान की गतिविधियों से छात्राओं को अवगत कराया। इस दौरान नशा मुक्ति प्रदर्शनी का अवलोकन भी कराया गया और छात्राओं को स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार व समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान के प्रशिक्षण, फ्लेक्स प्रदर्शनी, वीडियो फिल्म, उद्बोधन और रैली जैसी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। अभिमुखीकरण कार्यक्रम में सीनियर छात्राओं ने नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत किया और इच्छुक छात्राओं का एनएसएस के लिए पंजीयन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रामकुमारी धुर्वा ने किया।