Home छत्तीसगढ़ बारिश के बीच जोश और उत्साह के साथ सम्पन्न हुई जिला स्तरीय...

बारिश के बीच जोश और उत्साह के साथ सम्पन्न हुई जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़

19
0
Spread the love

एमसीबी, 14 अगस्त 2026 / स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। लगातार हो रही बारिश भी प्रतिभागियों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने पूरे जोश के साथ दौड़ में भाग लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

प्रातः 7:00 बजे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ से स्वतंत्रता दौड़ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती प्रतिमा यादव, अध्यक्ष नगर पालिका मनेन्द्रगढ़ ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। दौड़ निर्धारित मार्ग से होते हुए पीडब्ल्यूडी तिराहा पहुंची और वहां से आमाखेरवा मैदान में सम्पन्न हुई।

इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ केवल एक खेल गतिविधि नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और स्वस्थ जीवन का संदेश देने वाला आयोजन है। उन्होंने कहा कि हम सभी को सदैव शारीरिक रूप से स्वस्थ और फिट रहने का प्रयास करना चाहिए तथा ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के प्रति समर्पित रहें, हर परिस्थिति में राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखें और अपने कार्यों एवं योगदान से भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक दौड़ में भाग लेकर अपने जोश, अनुशासन और देशभक्ति का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों का यह उत्साह पूरे जिले के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, नागरिकों तथा आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की याद दिलाते हैं तथा उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” अभियान का संदेश देते हुए कहा कि यदि टीबी की समय पर पहचान और सही उपचार किया जाए तो यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है। उन्होंने बताया कि जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार स्क्रीनिंग, एक्स-रे जांच एवं संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उनका निःशुल्क उपचार सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने आमजन से टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” का नारा भी लगाया।
दौड़ के समापन के बाद विजेताओं को सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में अमित सेन ने प्रथम, सागर ने द्वितीय तथा हंसराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में ललिता प्रथम, माही द्वितीय तथा वंसती तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में श्री आशीष सिंह जिला उपाध्यक्ष, सरजू यादव, अपर कलेक्टर अनिल सिदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, एसडीएम लिंगराज सिंदार, तहसीलदार विनीत सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सुश्री वैशाली सिंह, तहसीलदार सुश्री श्रुति धुव्रे, जिला खेल अधिकारी विनोद जायसवाल, श्री टी. विजम गोपाल राव, कोच श्री किशोर दास, श्री शिव कुमार चौधरी, व्यायाम शिक्षक श्री रणधीर ठाकुर, श्री प्रेम स्मेल टोप्पो, श्री सुमित जायसवाल तथा श्री केमेेन्द्र साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिसके चलते कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित इस स्वतंत्रता दौड़ ने जिले में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक सहभागिता तथा टीबी मुक्त भारत के संकल्प का संदेश एक साथ प्रसारित किया।