Home छत्तीसगढ़ रैम्प योजना के अंतर्गत इंडस्ट्रीज-बैंकर्स मीट एवं कार्यशाला 19 अगस्त को

रैम्प योजना के अंतर्गत इंडस्ट्रीज-बैंकर्स मीट एवं कार्यशाला 19 अगस्त को

14
0
Spread the love

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 14 अगस्त 2026 / सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) इकाइयों को वित्तीय सहयोग एवं बैंकिंग सुविधाओं का सुगम लाभ दिलाने तथा उद्यमियों एवं बैंकिंग संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से रैम्प योजना के अंतर्गत इंडस्ट्रीज-बैंकर्स मीट एवं कार्यशाला आगामी 19 अगस्त बुधवार को दोपहर 12 बजे स्वामी आत्मानंद मल्टीपर्पस हायर सेकेंडरी स्कूल पेण्ड्रा के असेंबली हॉल में आयोजित होगा। कार्यशाला में जिले के उद्यमियों, हितग्राहियों, बैंकिंग संस्थाओं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यशाला के माध्यम से उद्यमियों को वित्तीय सहायता, बैंकिंग सुविधाओं एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उद्यमियों की समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए बैंकिंग संस्थाओं और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा। कार्यशाला में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन (पीएमएफएमई), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), राइस मिलर्स, लाईवलीहुड कॉलेज के हितग्राहियों तथा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आर-सेटी) से प्रशिक्षण प्राप्त हितग्राहियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इससे जिले में उद्यमिता को प्रोत्साहन देने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने संबंधित विभागों एवं हितग्राही समूहों से कार्यशाला में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।