राजनांदगांव। स्थानीय ठाकुरटोला स्थित संस्कार सिटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन ने इस वर्ष घोषित बी.एड. परीक्षा परिणामों में शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। महाविद्यालय के सभी परीक्षार्थियों ने सफलता का परचम लहराया, जिससे पूरे संस्थान परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगी परीक्षा परिणामों में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया। इसमें अशमित कौर लूथरा ने 83.47 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं हिमानी सूर्यवंशी ने 82.18 प्रतिशत और काजल साहू ने 81.12 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गुरप्रीत कौर एवं प्रबंधन समिति ने इस शानदार सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की अनवरत मेहनत, प्राध्यापकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि संस्कार सिटी कॉलेज हमेशा से शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। यह शत-प्रतिशत परिणाम संस्थान की इसी उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार द्वारा सभी सफल विद्यार्थियों का अभिनंदन कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही आगामी वर्षों में भी इसी प्रकार की उत्कृष्ट सफलता दोहराने का संकल्प व्यक्त किया गया।



