Home छत्तीसगढ़ छह माह से बंद सड़क निर्माण से ग्रामीण परेशान, शुभम वैष्णव ने...

छह माह से बंद सड़क निर्माण से ग्रामीण परेशान, शुभम वैष्णव ने विधानसभा अध्यक्ष से की शिकायत

15
0
Spread the love

राजनांदगांव। गठुला-भेड़ीकला-भाठागांव मुख्य मार्ग के गठुला से भाठागांव तक लगभग सड़क निर्माण कार्य पिछले करीब छह माह से बंद होने के मामले को लेकर ग्राम भाठागांव के शुभम वैष्णव ने आज छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर ग्रामीणों की समस्या से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा।
शुभम वैष्णव ने बताया कि फरवरी माह में सड़क निर्माण के नाम पर मार्ग को उखाड़ दिया गया था, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। लंबे समय से सड़क अधूरी एवं बदहाल स्थिति में पड़ी होने के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों, स्कूली शिक्षकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते सड़क पर कीचड, गड्ढे एवं जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है, जिससे दुर्घटना की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सड़क निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने तथा संबंधित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. रमन सिंह ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि वे आज ही संबंधित विभाग से चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे, ताकि लंबे समय से बंद पड़े सड़क निर्माण कार्य को पुनः प्रारंभ कराया जा सके।
शुभम वैष्णव ने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवश्यकताओं से जुड़ा महत्वपूर्ण मार्ग है। लंबे समय से निर्माण कार्य बंद रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। जनहित से जुड़े इस विषय को लेकर संबंधित विभाग से लगातार संपर्क कर सड़क निर्माण शीघ्र शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
शुभम वैष्णव ने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं शासन के समक्ष मजबूती से उठाकर उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।