राजनांदगांव। हॉकी की नर्सरी के रूप में पहचान रखने वाले राजनांदगांव में जिला हॉकी संघ की वार्षिक आमसभा और नई कार्यकारिणी का चुनाव शनिवार को संपन्न हुआ। निर्वाचन में फिरोज अंसारी दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। शिवनारायण धकेता सचिव और वीरेंद्र (प्रिंस) भाटिया कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
द सिंग होटल में आयोजित कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ पूर्व महापौर नरेश डाकलिया, छत्तीसगढ़ हॉकी के उपाध्यक्ष एमवाई कुरैशी, जिला ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक अरुण शुक्ला, छत्तीसगढ़ हॉकी के पर्यवेक्षक अनूप श्रीवास्तव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक ए. एक्का सहित बड़ी संख्या में हॉकी खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
निर्वाचन अधिकारी गुनेंद्र कुमार साव ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। अध्यक्ष पद पर फिरोज अंसारी, उपाध्यक्ष पद पर भूषण साव, दौलत सिंह चंदेल एवं आशा थामस, सचिव पद पर शिवनारायण धकेता, सह-सचिव पद पर महेंद्र सिंह ठाकुर, अनुराज श्रीवास्तव, गुणवंत पटेल और बबीता लिल्हारे तथा कोषाध्यक्ष पद पर वीरेंद्र (प्रिंस) भाटिया निर्विरोध चुने गए। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कुमार स्वामी, गणेश प्रसाद शर्मा, संदीप सिंह ग्रेवाल, शबनम बानो खान और खुशाल यादव सहित अन्य सदस्यों का निर्वाचन हुआ।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि राजनांदगांव की पहचान पूरे देश में हॉकी की नर्सरी के रूप में है। नई कार्यकारिणी इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का काम करेगी। उन्होंने खिलाड़ियों और हॉकी के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
पूर्व महापौर नरेश डाकलिया ने फिरोज अंसारी के लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने को उनके समर्पण और नेतृत्व का सम्मान बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम जिले में हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि जिला हॉकी संघ वर्ष 1969 से खिलाड़ियों के हित में कार्य कर रहा है। पिछले 10 वर्षों में जिले के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं। आगे भी सभी पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों के सहयोग से हॉकी को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन विकास वैष्णव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला हॉकी संघ के सचिव शिवनारायण धकेता ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व खिलाड़ी, खेल पदाधिकारी और हॉकी प्रेमी उपस्थित रहे।



