Home छत्तीसगढ़ पंडरी मोवा थाना पहुंचे जोगी कांग्रेस नेता शमसुल, फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र...

पंडरी मोवा थाना पहुंचे जोगी कांग्रेस नेता शमसुल, फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र मामले में कोऑर्डिनेटर पर FIR की मांग

13
0
Spread the love

राजनांदगांव। फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र (कैरेक्टर सर्टिफिकेट) के सहारे आबकारी विभाग की शराब दुकान में कोऑर्डिनेटर की नौकरी हासिल करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस फर्जीवाड़े को लेकर जनता युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम के नेतृत्व में रायपुर के पंडरी मोवा थाने का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी (टीआई) शिव नारायण सिंह को ज्ञापन सौंपकर आरोपी कोऑर्डिनेटर के खिलाफ तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी की जांच में खुला राज, सर्टिफिकेट निकला फर्जी
युवा कांग्रेस के नेता शमसुल आलम ने बताया कि इनोवसोर्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा आबकारी शराब दुकान में परितोष कश्यप को कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। परितोष ने नौकरी पाने के लिए जो चरित्र प्रमाण पत्र कंपनी में जमा किया था, वह पूरी तरह फर्जी है। दो दिन पहले इसकी शिकायत रायपुर आबकारी अधिकारी से भी की गई थी। इसके बाद जब संबंधित दस्तावेज की जांच कराई गई, तो पंडरिया थाना प्रभारी ने लिखित में रिपोर्ट दी कि पंडरी मोवा थाने द्वारा ऐसा कोई भी चरित्र प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है।

पद से हटाने और वैधानिक कार्रवाई की मांग
शमसुल आलम ने आरोप लगाया कि आरोपी परितोष कश्यप ने कूटनीति और धोखाधड़ी का सहारा लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और नौकरी हासिल की। यह सीधे तौर पर प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने का मामला है। जोगी कांग्रेस ने मांग की है कि आरोपी को पद से हटाकर उस पर तत्काल आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।

जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो रायपुर कमिश्नरेट का करेंगे घेराव
जोगी कांग्रेस के नेताओं ने पुलिस प्रशासन को दोटूक चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द ही एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो जनता युवा कांग्रेस रायपुर कमिश्नरेट के सामने उग्र प्रदर्शन और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

पुलिस ने दिया आश्वासन
शिकायत मिलने के बाद पंडरी मोवा थाना प्रभारी शिव नारायण सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जोगी कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि दस्तावेजों की तत्काल जांच कर निष्पक्ष वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से जिला महासचिव ऋषभ रामटेके, ईश्वर देवगन सहित भारी संख्या में जोगी कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।