Home छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर एबीवीपी ने किया स्वामी विवेकानंद प्रतिमा...

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर एबीवीपी ने किया स्वामी विवेकानंद प्रतिमा का स्वच्छता अभियान एवं माल्यार्पण

17
0
Spread the love

राजनांदगांव। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस, जिसे परिषद द्वारा राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के रूप में मनाया जाता है, के अवसर पर एबीवीपी नगर इकाई, राजनांदगांव द्वारा नगर मंत्री अक्षत कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में शीतला मंदिर स्थित स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा परिसर की साफ-सफाई कर स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण, सेवा एवं छात्र-हित के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
एबीवीपी जिला संयोजक धनंजय पांडे ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 78 वर्षों का गौरवशाली इतिहास राष्ट्रवाद, छात्र-हित और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण का इतिहास रहा है। परिषद केवल विद्यार्थियों के अधिकारों की आवाज नहीं उठाती, बल्कि समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए भी निरंतर कार्य करती है। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस युवाओं को अपने कर्तव्यों और दायित्वों का स्मरण कराने का महत्वपूर्ण अवसर है।
एबीवीपी नगर मंत्री अक्षत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संपूर्ण जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, उनके विचार आज भी प्रत्येक विद्यार्थी को चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और सेवा का संदेश देते हैं। विद्यार्थी परिषद स्थापना दिवस को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के रूप में मनाकर विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं संगठन की भावना को सशक्त करने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि परिषद आगे भी छात्र-हित के साथ-साथ सेवा एवं सामाजिक सरोकारों के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया तथा युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रतीक गढ़वाल, जिला छात्रा प्रमुख युक्ता मंडावी, नगर सह मंत्री भूपेंद्र पाल, जीत शर्मा, नोमिता, पूरन साहू, पराग सिंह, मोहित साहूकार, आदित्य बाजपेई सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।