Home छत्तीसगढ़ ग्रामीण विकास का नया युग शुरू: विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी...

ग्रामीण विकास का नया युग शुरू: विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (वीबी-जी राम जी) का हुआ शुभारंभ

25
0
Spread the love

मुंगेली / केन्द्र शासन द्वारा विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत नई मजदूरी दरें अधिसूचित की गई हैं। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आंध्र प्रदेश के तिरुपति से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, रोजगार के अवसरों का विस्तार करने और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण के उद्देश्य से वर्चुअल माध्यम से विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) का शुभारंभ किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में जनसम्मेलन सह शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने मिशन के शुभारंभ पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को साकार करने के लिए आजीविका संवर्धन, ग्रामीण अधोसंरचना के विकास तथा ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम सभाओं के माध्यम से विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार की जाएगी, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का चयन होगा। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार कृषि क्षेत्र में एग्रीटेक के माध्यम से पारदर्शिता और सुविधा बढ़ी है, उसी प्रकार वीबी-जी राम जी मिशन में भी तकनीक आधारित पारदर्शी व्यवस्था अपनाई जाएगी, ताकि योजनाओं का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि यह मिशन ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ ग्राम विकास में जनभागीदारी को भी बढ़ावा देगा। वीबी-जी राम जी मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार, आय में वृद्धि, आधारभूत सुविधाओं का विकास तथा ग्राम पंचायतों की सहभागिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी ग्रामीणों से योजना का अधिकाधिक लाभ लेने और विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

डीएफओ श्री अभिनव कुमार ने कहा कि मनरेगा को विकसित स्वरूप देते हुए वीबी-जी राम जी मिशन लागू किया गया है। इससे ग्रामीण श्रमिकों की आय में वृद्धि होगी, जिससे वे अपने परिवार के स्वास्थ्य और शिक्षा पर अधिक निवेश कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह मिशन महिला सशक्तिकरण, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण और ग्रामीण विकास को नई मजबूती प्रदान करेगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि पहले जहां रोजगार की वैधानिक गारंटी 100 दिनों की थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। साथ ही मजदूरी दर में भी वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, ग्रामीण अधोसंरचना निर्माण और आजीविका संवर्धन जैसे कार्य इस मिशन के प्रमुख आधार होंगे। यह योजना ग्रामीण विकास के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम में हितग्राहियों को वीबी-जी राम जी योजना के तहत जॉब कार्ड, महिला मेट आदि सामाग्री प्रदान कर लाभान्वित किया गया। सम्मेलन के समापन में कलेक्टर ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कलेक्टोरेट परिसर में कटहल के पौधे का रोपण किया। इस दौरान जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।