Home छत्तीसगढ़ घुमका में लहराएगा कांग्रेस का परचम : अनीस खान

घुमका में लहराएगा कांग्रेस का परचम : अनीस खान

15
0
Spread the love

राजनांदगांव। घुमका नगर पंचायत के प्रथम चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में बन रहे मजबूत जनमत ने भाजपा खेमे की चिंता बढ़ा दी है। नगर की जनता महंगाई, बेरोजगारी, बिजली कटौती और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त होकर परिवर्तन के पक्ष में खड़ी दिखाई दे रही है। कांग्रेस की अध्यक्ष प्रत्याशी फूलमती वर्मा को मिल रहे अभूतपूर्व जनसमर्थन और कांग्रेस के पक्ष में बन रहे माहौल से भाजपा नेता बौखलाहट में निराधार आरोपों का सहारा ले रहे हैं। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान ने जारी बयान में कही।
जिला प्रवक्ता व मिडिया प्रभारी अनीस खान ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं में लगातार वृद्धि हुई है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम, खाद्य वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों, आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ और लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। किसान खाद की किल्लत, बढ़ती कृषि लागत और अन्य समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन भाजपा सरकार के पास किसानों की परेशानियों का कोई ठोस समाधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की लोकप्रिय हाफ बिजली बिल योजना को बंद कर भाजपा सरकार ने बिजली दरों में वृद्धि कर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का काम किया है। एक ओर जनता महंगी बिजली का बिल भरने को मजबूर है, तो दूसरी ओर लगातार बिजली कटौती का सामना कर रही है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों का खामियाजा आज प्रदेश का हर वर्ग भुगत रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी ने कहा कि घुमका नगर पंचायत कांग्रेस की देन है, लेकिन सत्ता और सरकार दोनों होने के बावजूद भाजपा के पास ढाई वर्षों के कार्यकाल में जनता को बताने के लिए कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं है। विकास के नाम पर भाजपा पूरी तरह शून्य साबित हुई है। अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा नेता मंचों से झूठे आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।
अनीस खान ने कहा कि कांग्रेस की अध्यक्ष प्रत्याशी फूलमती वर्मा की आम जनता के बीच लगातार बढ़ती सकारात्मक उपस्थिति, सहज व्यवहार और जनविश्वास ने भाजपा नेताओं की चिंता बढ़ा दी है। कांग्रेस के पक्ष में बन रहे माहौल को देखकर भाजपा नेता घबराहट में मिथ्या आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक भड़ास निकाल रहे हैं, लेकिन घुमका की जागरूक जनता सब देख और समझ रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के झूठे प्रचार और दुष्प्रचार का जवाब घुमका की जनता मतदान के माध्यम से देगी। नगर पंचायत क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट जनसमर्थन दिखाई दे रहा है और मतदाताओं में परिवर्तन की भावना साफ नजर आ रही है।
अनीस खान ने विश्वास व्यक्त किया कि घुमका नगर पंचायत की जनता कांग्रेस पर भरोसा जताते हुए अध्यक्ष पद की प्रत्याशी फूलमती वर्मा को भारी मतों से विजयी बनाएगी तथा कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश देकर नगर में कांग्रेस की सरकार स्थापित करेगी। घुमका की जनता विकास, जवाबदेही और जनहित की राजनीति के पक्ष में मतदान कर भाजपा की जनविरोधी नीतियों को करारा जवाब देगी।