राजनांदगांव। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार शाम महावीर चौक स्थित पेट्रोल पंप के सामने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि, ईंधन संकट और गैस सिलिंडर की किल्लत को लेकर आक्रामक विरोध-प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेसजनों ने केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हाथों में बैनर, तख्तियां और स्लोगन लेकर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महावीर चौक स्थित पेट्रोल पंप के सामने बढ़ती महंगाई को लेकर हल्ला बोला और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसजनों ने कहा कि देशभर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत से लोग परेशान हैं। कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं और भीषण गर्मी में आम लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से महिलाओं और परिवारों की परेशानी और बढ़ गई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक और प्रबंधन नीतियों के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि एक ओर पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैंए दूसरी ओर अब देशभर में ईंधन की किल्लत जैसी स्थिति बन गई है। लोग तपती गर्मी में पेट्रोल पंपों के बाहर लाइन लगाने मजबूर हैं, लेकिन केंद्र सरकार को आम जनता की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति संकट ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। महंगाई ने गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार, किसान, मजदूर, व्यापारी और युवाओं की कमर तोड़ दी है। केंद्र सरकार टैक्स के जरिए लगातार जनता की जेब पर बोझ डाल रही है, जबकि राहत देने के नाम पर सिर्फ बयानबाजी की जा रही है।
जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतर रही है और जब तक महंगाई, ईंधन संकट और गैस किल्लत पर नियंत्रण नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप पहुंचे वाहन चालकों और आम नागरिकों से संवाद कर बढ़ती महंगाई और ईंधन संकट से हो रही परेशानियों पर चर्चा की तथा केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
इस दौरान डॉ. आफताब आलम, प्रवीण मेश्राम, मेहुल मारू, श्रीकिशन खंडेलवाल, रमेश राठौड, भागवत साहू, कमलजीत सिंग पिंटू, राकेश जोशी, इकरामुद्दीन सोलंकी, पंकज बांधव, चेतन भानुशाली, लक्ष्मण साहू, माया शर्मा, अमर झा, पप्पू धकेता, अमीन हुड्डा, सतीश मसीह, राजा तिवारी, अशोक फडणवीस, हेमंत ओस्तवाल, प्रेम रूचंदानी, अशोक पंजवानी, सूर्यकांत जैन, मनीष गौतम, वीरेन्द्र चंद्राकर, मनीष साहू, ललित मरकाम, प्रदीप राठौड़, राकेश चंद्राकर, झम्मन देवांगन, मामराज अग्रवाल, ललित कुमरे, शरद खंडेलवाल, आशीष साहू, तन्मय कोटड़िया, दुर्गा देवांगन, फरहा खान, खैरून निशा, लीना पटेल, मोहन साहू, पिंकू खान, केशव पटेल, चेतन सिंह, डॉ. राकेश कुमार, राजा यादव, धन्नू सेन, वसीम बडगूजर, संतोष शर्मा, सतीश सोनपिपरे, गोलू महानंद, राहुल चौबे, नितिन मेश्राम, शिवम गडपायले, गोलू नायक, सोनू साहू, सौम्य शर्मा, हिमालय बांधे, जुगल ताम्रकार, कुंजलाल साहू, निलेश ठावरे, हिमांशु बंजारे, शेषनाथ, राहुल बांदे, निश्चय बुरादे सहित अन्य उपस्थित थे।



