राजनांदगांव। पटरी पार क्षेत्र के चिखली स्कूल मैदान में करीब 200 बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ आयोजित निःशुल्क ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ महापौर मधुसूदन यादव ने किया। बच्चों के जोश, ऊर्जा और खेलों के प्रति समर्पण से पूरा मैदान उत्साह से सराबोर नजर आया। वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित समारोह में महापौर के द्वारा खिलाड़ियों को हॉकी स्टिक, स्किपिंग रोप, बॉल एवं अन्य खेल सामग्री वितरित की गई।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस निःशुल्क शिविर का संचालन जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के मार्गदर्शन में रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किया जा रहा है। शिविर में पटरी पार क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से लगभग 200 बच्चे प्रतिदिन भाग लेकर खेल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों को खेलों की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है तथा उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।
शिविर की शुरुआत क्रॉस कंट्री रनिंग से हुई, जिसके बाद बच्चों को हॉकी खेल की बुनियादी तकनीकों की जानकारी दी गई। खिलाड़ियों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए रिक्रिएशनल गेम्स कराए गए तथा अंत में लिम्बरिंग डाउन के माध्यम से प्रशिक्षण सत्र का समापन हुआ।
मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि चिखली मैदान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि यहां पूरे वर्ष लगभग 200 बच्चों की नियमित उपस्थिति खेलों के प्रति उनकी गंभीरता और समर्पण को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे के अथक प्रयासों से क्षेत्र के बच्चे खेल और फिटनेस के प्रति जागरूक हुए हैं।
उन्होंने उपस्थित अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को खेलों के लिए प्रेरित करना उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। महापौर ने विश्वास दिलाया कि पटरी पार क्षेत्र को बहुत जल्द नया हॉकी मैदान मिलेगा, जिससे यहां की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस शिविर में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं एनआईएस गोल्ड मेडलिस्ट कोच मृणाल चौबे के मार्गदर्शन में बच्चों को हॉकी खेल के साथ साथ फिटनेस आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से पटरी पार क्षेत्र के बच्चे खेल, अनुशासन और शारीरिक दक्षता की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने बताया कि प्रस्तावित हॉकी मैदान को शीघ्र खेल योग्य बनाने हेतु आगामी शनिवार को वृहद सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसमें इस मैदान मे प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों के साथ-साथ इनके पालक और क्षेत्र के नागरिक भी बड़ी संख्या मे शामिल होंगे।
जिला हॉकी संघ एवं छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि राजनांदगांव में लंबे समय से दूसरे हॉकी मैदान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि मृणाल चौबे एवं रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा विगत वर्षों में पटरी पार क्षेत्र में हॉकी खेल को बढ़ावा देने हेतु उल्लेखनीय कार्य किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप यहां हॉकी खेलने वाले बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने नए हॉकी मैदान की सौगात के लिए महापौर, विधानसभा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों ने भी महापौर मधुसूदन यादव का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मोतीपुर में आयोजित सुशासन तिहार में उनके प्रयासों से पटरी पार क्षेत्र को नए हॉकी मैदान की सौगात मिली है, जो क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि सुनील साहू, श्रुति लोकेश जैन, मनोहर यादव, लोकेश जैन, ललित नायडू, जिला हॉकी संघ के सचिव शिव नारायण धकेता, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अजय झा, नीलम जैन, भूषण साव, मनीष गौतम, ज्ञानचंद जैन, प्रिंस भाटिया, महेंद्र सिंह ठाकुर, गुणवंत पटेल, अब्दुल कादिर, संतोष साहू, गोविंद यादव, दीपक यादव, अशोक देवांगन, जावेद खान, रामदास यादव, शकील अहमद, सुखदेव निर्मलकर, राजेश निर्मलकर, तौफीक अहमद, कृष्णा यादव, रजनी मेश्राम, किशोर मेश्राम, विष्णु नंद चौबे, शिवा चौबे सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
——————-
फोटो क्रमांक-3
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने छुरिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं जनपद पंचायत कार्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण
राजनांदगांव। संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर एवं कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के मद्देनजर छुरिया विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं जनपद पंचायत कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। संभागायुक्त श्री राठौर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरिया के महिला वार्ड, पुरूष वार्ड, नवजीवन कक्ष एवं प्रसूति कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही परिसर स्थित जर्जर आवासीय भवन को डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए, जिससे परिसर का विस्तार किया जा सके और बेहतर सुविधाएं विकसित हो सके। संभागायुक्त श्री राठौर ने निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में शीघ्र बाउंड्रीवाल निर्माण, ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने तथा विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए ट्रांसफार्मर लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन स्वास्थ्य केन्द्र के शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरिया नये भवन में शिफ्ट होने पर स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं जनसामान्य को मिलेगी और ज्यादा से ज्यादा लोग लाभान्वित हो सकेंगे।
संभागायुक्त श्री राठौर ने जनपद पंचायत कार्यालय छुरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने जनपद पंचायत क्षेत्र में संचालित निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) शाखा का निरीक्षण कर योजना की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जनपद पंचायत क्षेत्र में अब तक लगभग 10 हजार 300 प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गया हैं। संभागायुक्त ने शेष आवासों का निर्माण कार्य भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित आवासों के जियोटैग की ऑनलाइन मॉनिटरिंग कर पोर्टल में दर्ज प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने सभी आवासों का जियोटैग समय पर पूर्ण करने और ऑनलाइन प्रविष्टियों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर निर्माण कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने कहा, ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे और समय-सीमा में कार्य पूर्ण हो सके। संभागायुक्त श्री राठौर ने जनपद पंचायत में ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में तकनीक का अधिकाधिक उपयोग कर पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता बढ़ाई जाए, जिससे जनसामान्य को त्वरित एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मार्कण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनआर नवरतन, एसडीएम श्रीकांत कोर्राम, सीईओ जनपद पंचायत होरीलाल साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
———————
फोटो क्रमांक-4
नगर निगम आयुक्त ने ली राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक, इस वित्तीय वर्ष में शत-प्रतिशत वसूली के निर्देश
राजनांदगांव। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने राजस्व विभाग की कड़क समीक्षा बैठक लेते हुए चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में नए डिमांड के अनुसार शत-प्रतिशत टैक्स वसूली करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने सहायक राजस्व निरीक्षकों और राजस्व उप निरीक्षकों को दो टूक कहा कि वित्तीय वर्ष के प्रारंभ से ही यानी मई माह से ही पूरी मेहनत के साथ मैदान में उतरें और घर.घर जाकर राजस्व वसूली सुनिश्चित करें। इसके साथ ही आयुक्त ने एक नई पहल करते हुए निर्देश दिए कि राजस्व वसूली के दौरान अधिकारी-कर्मचारी कॉलोनियों के नागरिकों को सोलर पैनल (पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना) और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए भी प्रेरित करें।
निगम सभागार में आयोजित बैठक में आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने पिछले वित्तीय वर्ष की ढीली कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि गत वर्ष सामूहिक प्रयासों के बावजूद अपेक्षाकृत वसूली नहीं हो पाई, क्योंकि कुछ कर्मचारियों ने अच्छी मेहनत की तो कुछ ने बहुत कम रुचि दिखाई। इसी का नतीजा रहा कि हम लक्ष्य से पीछे रह गए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कम वसूली होने से निगम को वेतन भुगतान तक में परेशानियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए इस वर्ष किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयुक्त ने बताया कि परिषद द्वारा खुली व आवासीय भूमि पर 10 प्रतिशत तथा व्यावसायिक व औद्योगिक भूमि पर 20 प्रतिशत संपत्ति कर निर्धारित किया गया है, जिसके आधार पर वार्डवार गणना की गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि अगले सप्ताह तक हर वार्ड की नई डिमांड लिस्ट पूरी तरह दुरुस्त हो जानी चाहिए। यदि पिछले वर्ष की गणना में कोई त्रुटि रह गई थी, तो उसे तत्काल सुधारें। इस बार के सर्वे में शहर का कोई भी मकान, दुकान, भूमि या भवन छूटना नहीं चाहिए।
बैठक में राजस्व अमले को प्रभारित वार्डों की सघन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। अब टैक्स वसूली के साथ-साथ वार्डों में मौजूद मोबाइल टावर, विद्युत पोल और निगम स्वामित्व के सामुदायिक व शासकीय भवनों का भी पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा।
200 रूपये प्रति माह की निर्धारित दर से जलकर की शत-प्रतिशत वसूली के निर्देश दिए गए हैं। जल विभाग से नए कनेक्शनों की सूची लेकर उसे तत्काल डिमांड रजिस्टर में चढ़ाया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से पानी का बिल जमा नहीं किया है, उनसे शुरुआत से पूरी बकाया राशि वसूली जाएगी।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में चल रहे जनगणना कार्य में भवनों को जो नंबर दिए गए हैं, उनका मिलान राजस्व डिमांड से किया जाए। जनगणना कार्य में लगे कर्मचारी अपने प्रभारित वार्डों में इस कार्य के साथ.साथ टैक्स वसूली का जिम्मा भी संभालेंगे। सभी वार्ड प्रभारियों के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि वे फील्ड वर्क (वसूली) के बाद कार्यालयीन समय की दूसरी पाली (सेकंड हाफ) में दफ्तर में उपस्थित रहेंगे और करदाताओं से टैक्स कलेक्ट करने सहित अन्य शासकीय कार्य निपटाएंगे।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने कहा कि राजस्व अमला जब वार्डों और कॉलोनियों में जाएए तो करदाताओं को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित करे। साथ ही, भू-गर्भ जल स्तर को बढ़ाने के लिए प्रत्येक भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना के लिए नागरिकों को समझाइश दें और इसका डेटा भी संग्रहित करें।
समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से कार्यपालन अभियंता (संविदा) यूके रामटेके, प्रभारी राजस्व अधिकारी हितेश ठाकुर सहित निगम के सभी सहायक राजस्व निरीक्षक एवं राजस्व उप निरीक्षक उपस्थित थे।
——————-
फोटो क्रमांक-5
महिला सशक्तिकरण एवं किसानों का समुचित विकास भाजपा राज में ही होगा : मधुसूदन यादव
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ विधानसभा के नवगठित घुमका नगर पंचायत में होने वाले चुनाव की तैयारी के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को मूर्त रूप देना शुरू कर दिया है। इसी परिपेक्ष में आज घुमका में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में उत्साह से कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
सम्मेलन में डोंगरगढ़ प्रभारी एवं तेलघानी आयोग के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, रमेश पटेल, राजेश श्यामकर एवं चुनाव संयोजक मधुसूदन यादव ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि डोंगरगढ़ विधानसभा में 7 साल से कांग्रेस राज कर रही है, जिसमे 5 वर्षों तक उसकी सरकार भी रही, परंतु कांग्रेस से सिर्फ लोगों को बरगलाने का कार्य किया। कांग्रेस शासनकाल के 5 वर्षों में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के विकास को अवरुद्ध कर दिया और चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला था, जैसे ही विष्णु देव साय सरकार आई, किसानों से 3100 रूपये में धान खरीदा गया और महतारी वंदन योजना के तहत सभी महिलाओं को 1000 रूपये का सम्मान देकर महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया गया, इसके अतिरिक्त मोदी सरकार ने किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत 6000 रूपये का सम्मान दिया।
सभी नेताओं ने कहा कि विगत सात वर्षों से डोंगरगढ़ में कांग्रेस के विधायक एवं सरपंच होने के बाद भी घुमका में करोड़ों रुपए का विकास कार्य विष्णु देव साय सरकार ने किया है। सम्मेलन मे नेताओं ने एक स्वर में कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास के नाम से जानी जाती है, और किसानों के साथ-साथ महिलाओं को मातृशक्ति के रूप में सम्मान करती है, इसलिए महिला सशक्तिकरण विधेयक लाया गया, जिसे कांग्रेस ने लोकसभा में पास नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि पिछले घोषणा पत्र में कांग्रेस ने महिलाओं को 500 रूपये देने का वादा किया था, परंतु वह सिर्फ घोषणा ही रही। कांग्रेस जो कहती है वह कभी पूरा नहीं होता, उसकी कोई गारंटी नहीं है, परंतु भारतीय जनता पार्टी के पास मोदी की गारंटी, विष्णु देव साय की गारंटी, डॉ. रमन सिंह की गारंटी है। सम्मेलन में सभी नेताओं ने घुमका के सर्वांगीण विकास के लिए कमल फूल को वोट देने का निवेदन किया।
पूर्व विधायक विनोद खांडेकर एवं रामजी भारती ने भी अपने कार्यकाल की उपलब्धियां को साझा किया तथा बताया कि किस तरह से उन्होंने डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्री काल में 15 वर्षों तक विकास की गंगा बहाई थी, यहां नया कॉलेज, मैदान, नई सड़कों का जाल बिछाया, परंतु पिछले 7 सालों में कांग्रेस ने इस क्षेत्र की अपेक्षा की है।
बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल ने भी किसानों से जुड़ी हुई खाद-बीज और सरकार के समुचित सहयोग की बातें बताते हुए कहा कि किसानों की चिंता करते हुए भाजपा ने सोसायटियों की संख्या तेजी से बढ़ाई और 3100 रुपए में धान खरीद कर समय पर राशि स्थानांतरण कर पूरे देश में छत्तीसगढ़ को विशेष स्थान पर पहुंचाया है।
सम्मेलन की शुरुआत जिला पंचायत सदस्य किरण बारले द्वारा भारत माता की वंदना गीत से की गई।
कार्यकर्ता सम्मेलन का सफल संचालन परदेसी सोनबोइर, सावन वर्मा एवं आभार प्रदर्शन मंडल महामंत्री जनक एवं ललित साहू ने किया।
कार्यकर्ता सम्मेलन में घुमका में भारतीय जनता पार्टी के पुराने सक्रिय कार्यकर्ताओं का शाल श्रीफल से सम्मानित किया गया।
इस दौरान प्रमुख रूप से पूर्व मंडल अध्यक्ष जागेश्वर साहू, रामकुमार वर्मा, महेश वर्मा, श्रीमती धनमत वर्मा, केशव जंघेल, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा, अजय ठाकुर, मंडल प्रभारी अमर लालवानी एवं मूलचंद भंसाली, नोमेश वर्मा, नागेश यदु, अश्विनी मुकेश साहू, विनोद बारले एवं 15 वार्डो के भाजपा उम्मीदवार सहित बड़ी संख्या में महिला पुरुष एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
——————–
भाजपा ने घुमका नगर पंचायत के 15 पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी की
राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी नगर पंचायत चुनाव के मद्देनजर घुमका नगर पंचायत के लिए 15 पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। यह सूची भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय एवं जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत की सहमति से चुनाव संचालन समिति ने जारी की गई है।
भाजपा जिला मीडिया सेल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश नेतृत्व एवं जिला संगठन ने सभी 15 वार्डों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनाधार और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर प्रत्याशियों का चयन किया है।
घोषित पार्षद प्रत्याशियों की वार्डवार सूची इस प्रकार है, जिसमें वार्ड नंबर 1 से श्रीमति इंद्राबाई वर्मा, वार्ड नंबर 2 से किशन सिंह चंदेल, वार्ड नंबर 3 से देवेन्द्र बघेल, वार्ड नंबर 4 से शैलेन्द्र वर्मा, वार्ड नंबर 5 से रूपनारायण साहू, वार्ड नंबर 6 से दिलीप पटेल, वार्ड नंबर 7 से गोबिंदा यादव, वार्ड नंबर 8 से बहल राम वर्मा, वार्ड नंबर 9 से श्रीमती निशा वर्मा, वार्ड नंबर 10 से रोशन वर्मा, वार्ड नंबर 11 से खिलेश यादव, वार्ड नंबर 12 से सुनिता गंगेश्वर वर्मा, वार्ड नंबर 13 से श्रीमती लोकेश्वरी पात्रे, वार्ड नंबर 14 आलोक कुमार भारती, वार्ड नंबर 15 से श्रीमती रुखमणी वर्मा को भाजपा ने अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है।
जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत एवं चुनाव संयोजक मधुसूदन यादव ने कहा कि सभी प्रत्याशी पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और घुमका नगर पंचायत क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिखेंगे। भाजपा का लक्ष्य सभी 15 वार्डों में कमल खिलाकर गुमका में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाना है।
——————–
फोटो क्रमांक-6
सोमनी पुलिस ने 700 ग्राम गांजा के साथ युवक को किया गिरफ्तार
राजनांदगांव। थाना सोमनी पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के आरोप में प्रवीण साहू पिता खुमान साहू, उम्र-22 वर्ष, निवासी ग्राम अंजोरा बाबाकुटी, को गिरफ्तार किया। आरोपी को ग्राम इंदावानी चौक, जीई रोड यात्री प्रतिक्षालय के पास ग्राहक तलाशते समय दबोचा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 700 ग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमत लगभग 35,000 रुपए बरामद किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई और उसे न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरूण कुमार नामदेव के नेतृत्व में टीम ने अभियुक्त को धर दबोचा। इस अभियान में सउनि चैतुराम आर्य, प्रधान आरक्षक हेमंत अनंत, डूलेश्वर साहू, आरक्षक तुषार मरकाम, मनोज हरमुख सहित सभी स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
———————
फोटो क्रमांक-7
महाराष्ट्र से बाइक पर ला रहा था 50 लीटर महुआ शराब, आरोपी जेल भेजा गया
राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के क्रय-विक्रय और परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत बोरतलाव थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमावर्ती राज्य महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से महुआ शराब की तस्करी कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 बल्क लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा जिले में अवैध शराब की प्रभावी रोकथाम के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केसरीनंदन नायक के दिशा-निर्देशन में बोरतलाव थाना प्रभारी अपने स्टाफ के साथ क्षेत्र में सक्रिय थे। इसी दौरान 16 मई 2026 को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर चांद सूरज (महाराष्ट्र) की ओर से बोरतलाव की तरफ मोटरसाइकिल से आ रहा है।
मुखबिर की सूचना पर बोरतलाव पुलिस की टीम ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए ग्राम भरकाटोला के पास नाकेबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदेही मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 35-एण्क्यू 1193) आती हुई दिखाई दी, जिसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम विष्णु टेकाम पिता असमान टेकाम, उम्र-43 वर्ष, निवासी चांद सूरज दर्रेकसा, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) का होना बताया।
जब पुलिस टीम द्वारा बाइक चालक के पास रखे दो पिट्ठू बैगों की तलाशी ली गई, तो उसके भीतर 100 पॉलीथिन पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट में 500 मिलीलीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब भरी हुई थी। इस तरह आरोपी के पास से कुल 50 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपए है। शराब के परिवहन के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं करने पर पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए कीमत की महुआ शराब, अवैध परिवहन में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (कीमत करीब 35 हजार रुपए) और एक नग ओप्पो मोबाइल (कीमत करीब 5 हजार रुपए) को विधिवत जब्त किया है। इस प्रकार कार्रवाई में कुल 50 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया है।
———————-
फोटो क्रमांक-8
बागनदी पुलिस ने गौ-तस्करी नेटवर्क पर कसा शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। थाना बागनदी पुलिस ने गौ-तस्करी में मदद करने वाले दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा। कार्रवाई के दौरान लगभग 10 लाख रुपये कीमत की बोलेरो वाहन जप्त की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 10-एवी 9500 के माध्यम से तस्करी में संलिप्त व्यक्ति पहले से पुलिस चेकिंग की जानकारी ले लेते हैं। सूचना पर थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में बागनदी बॉर्डर क्षेत्र में सघन नाकाबंदी कर वाहन को रोका गया।
जांच में पता चला कि वाहन में सवार दीपेन्द्र बंजारे (21), निवासी भिलाई, और शैलेन्द्र भारती (27), निवासी भिलाई-3, लंबे समय से तस्करों को पायलटिंग की सुविधा देते थे और पुलिस गतिविधियों की जानकारी मुहैया कराते थे। वाहन और आरोपी किसी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने बोलेरो को मोटर व्हीकल एक्ट एवं धारा 106 बीएनएसएस के तहत जप्त किया। आरोपीयों के विरुद्ध धारा 170/126, 135 (3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। शैलेन्द्र भारती के खिलाफ पूर्व में गौ-तस्करी के दो पुराने मामले भी दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशरी नंदन नायक के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम, सउनि भागवत धु्रवे, आरक्षक धर्मेन्द्र साहू, भूपेन्द्र तुमरेकी एवं विद्याधर मांझी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बागनदी पुलिस की सतर्कता से सीमा क्षेत्र में सक्रिय गौ-तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों को स्पष्ट संदेश मिला है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
————————
फोटो क्रमांक-9
ढाई किलो गांजे के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
राजनांदगांव। जिले को नशामुक्त बनाने और अवैध कारोबारियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चिखली चौकी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घेराबंदी कर चिखली तालाब पार के पास से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से करीब ढाई किलोग्राम (2.492 किग्रा) अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 24 हजार 920 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध गांजा, शराब बिक्री, असामाजिक तत्वों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 15 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि चिखली तालाब के पास एक महिला अवैध गांजा बेचने की फिराक में खड़ी है।
सूचना मिलते ही चिखली चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए चिखली तालाब पार पर घेराबंदी कर दबिश दी। वहां खड़ी संदेही महिला को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, तो उसके पास मौजूद एक लाल-सफेद रंग के थैले में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना नाम नेहा मरकाम पिता स्वर्गीय प्रताप मरकाम, उम्र-25, निवासी चिखली वार्ड नंबर 10 (तालाब पार, थाना चिखली) बताया।
पुलिस ने मौके पर ही तस्कर महिला के कब्जे से 2.492 किलोग्राम गांजा जब्त कर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। चिखली चौकी में आरोपी महिला के विरुद्ध धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।
अवैध नशे के खिलाफ की गई इस सफल कार्रवाई में चिखली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, उपनिरीक्षक सत्तुलाल कंवर, महिला प्रधान आरक्षक मायासिंह गौर, आरक्षक गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी एवं समस्त चौकी स्टाफ सहित साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, आरक्षक पुनेश्वर साहू, मनोज खुंटे, अमित सोनी और महिला आरक्षक पार्वती कंवर की महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका रही।
——————–
फोटो क्रमांक-10
जिला प्रशासन की अभिनव पहल : ऑक्सीजोन में जब्त 54 ट्रैक्टर ट्रॉली रेत को पुनः शिवनाथ नदी में डाला गया
राजनांदगांव। जिले में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और अवैध पर्यावरण दोहन को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक बेहद सराहनीय और अभिनव पहल की गई है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के कड़े रुख और गरिमामय निर्देशों के तहत खनिज विभाग की टीम ने आज ऑक्सीजोन क्षेत्र में अवैध रूप से भंडारित करीब 54 ट्रैक्टर ट्रॉली रेत को जब्त कर दोबारा शिवनाथ नदी के सुपुर्द कर दिया। इस अनूठी कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य ऑक्सीजोन के प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय पर्यावरणीय संतुलन को पूरी तरह बरकरार रखना है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी साक्षी बने। खनिज विभाग की टीम ने सरपंच ग्राम पंचायत भंवरमाराए वार्ड क्रमांक 51 हरदी के पार्षद तथा क्षेत्र के अन्य ग्राम प्रमुखों की गरिमामय उपस्थिति में रेत को पुनरू नदी में डालने की रस्म और वैधानिक प्रक्रिया पूरी की।
उल्लेखनीय है कि खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कुछ दिन पूर्व ऑक्सीजोन के समीप शिवनाथ नदी क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से भंडारित रेत के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की थी। जांच में यह बात सामने आई थी कि भंवरमारा निवासी अविनाश सोनी द्वारा शिवनाथ नदी के भीतर से पर्यावरण नियमों को ताक पर रखकर खनिज रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा था और नदी तट पर ही इसे अवैध रूप से डंप कर भारी मात्रा में भंडारण किया गया था। पूर्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान मौके से दो ट्रैक्टर ट्रॉली और एक लोडर वाहन भी जब्त किया गया था।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि नदी तट और ऑक्सीजोन जैसे संवेदनशील क्षेत्र में रेत के इस प्रकार अवैध भंडारण से वहां के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था। यही वजह रही कि प्रशासन ने जब्त रेत को नीलाम करने या अन्य किसी कार्य में उपयोग करने के बजायए उसे वापस प्रकृति को सौंपने का अनूठा निर्णय लिया।
जिला प्रशासन ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने के लिए जिला प्रशासन भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त और रचनात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रखेगा। अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के काले कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानूनन कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



