Home छत्तीसगढ़ संघर्ष से समाधान तक : कोटरापानी में जल जीवन मिशन ने बदली...

संघर्ष से समाधान तक : कोटरापानी में जल जीवन मिशन ने बदली जिंदगी

18
0
Spread the love

राजनांदगांव। जल जीवन मिशन के अंतर्गत डोंगरगढ़ विकासखंड के कोटरापानी में जहां की जनसंख्या महज 515 है। वहां के 145 घरों में 66.06 लाख रुपए की लागत से जलापूर्ति के लिए नल कनेक्शन का कार्य पूरा हुआ। जल जीवन मिशन ने ग्राम कोटरापानी की तस्वीर बदल दी है। अब गांव के हर घर में नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों का जीवन स्तर उल्लेखनीय रूप से सुधरा है। ग्राम कोटरापानी, जिसकी जनसंख्या लगभग 595 है, में पहले ग्रीष्म ऋतु के दौरान पेयजल की समस्या अत्यंत गंभीर हो जाती थी। विशेष रूप से महिलाओं को दूर-दूर से पानी लाने में घंटों समय व्यतीत करना पड़ता था। लेकिन अब इस समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में 145 घरेलू नल कनेक्शन स्थापित किए गए हैं। योजना के तहत जल स्रोतों का वैज्ञानिक सर्वे, पाइपलाइन विस्तार, जल भंडारण एवं सुरक्षित आपूर्ति हेतु आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया गया। परिणामस्वरूप अब ग्रामीणों को घर-घर स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल सहजता से उपलब्ध हो रहा है। इस उपलब्धि से महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। अब वे पानी लाने में लगने वाले समय को परिवार, बच्चों की देखभाल और आजीविका संबंधी कार्यों में लगा पा रही हैं। साथ ही, स्वच्छता और स्वास्थ्य के स्तर में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिला है।
इस पूरी प्रक्रिया में गिरेन्द्र साहू, एसडीओ, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने न केवल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय नेतृत्व प्रदान किया, बल्कि ग्रामीणों को जल संरक्षण, नल कनेक्शन के रख-रखाव और जल गुणवत्ता के प्रति जागरूक करने में भी सराहनीय योगदान दिया। उनके मार्गदर्शन में ग्रामीणों में जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना विकसित हुई है। “जल जीवन मिशन के तहत हर घर में नल से जल पहुंचने के बाद अब ग्रामीणों का जीवन काफी आसान हो गया है। पहले पानी के लिए रोज संघर्ष करना पड़ता था, लेकिन अब समय की बचत के साथ स्वास्थ्य और स्वच्छता में भी सुधार हुआ है।” पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के समन्वय से क्रियान्वित यह योजना अब ग्राम कोटरापानी के लिए सम्मान, आत्मनिर्भरता और विकास का प्रतीक बन चुकी है।