Home छत्तीसगढ़ महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – मंत्री श्रीमती लक्ष्मी...

महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े

19
0
Spread the love

रायपुर / अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने महिला पत्रकारों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, पत्रकारिता, खेल और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिला पत्रकार समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाकर जनजागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण, पोषण, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम करना तथा समाज में उनकी भागीदारी को और मजबूत बनाना है। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आगे बढ़ने के अधिक अवसर प्रदान किए जाएं। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा कुछ दिनों पूर्व आयोजित खेल मड़ई के अंतर्गत महिला पत्रकारों के बीच आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियां महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता महिला पत्रकार टीमों को घोषित 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने इस अवसर पर महिला पत्रकारों के लिए बनाए गए नवनिर्मित ‘पिंक रूम’ का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सुविधाएं महिला पत्रकारों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। कार्यक्रम में विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी, महासचिव श्री गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष श्री दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष श्री दिनेश यदु, संयुक्त सचिव श्रीमती निवेदिता साहू, श्री भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं महिला पत्रकार उपस्थित रहीं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने महिला पत्रकारों के योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान का सकारात्मक संदेश भी दिया।