Saudi Arabia के दम्माम से आ रही फ्लाइट में चालक दल की महिला के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। महिला को गलत तरीके से छूने को लेकर बुजुर्ग यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। विमान के हैदराबाद उतरने के बाद, चालक दल ने 13 दिसंबर को आरजीआई हवाई अड्डा थाने में लगभग 60 वर्षीय यात्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग ने जानबूझकर दुर्व्यवहार करने से इनकार किया और दावा किया कि संपर्क आकस्मिक था।
सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और यात्री को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है। दूसरी ओर, दिल्ली एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के कारण उड़ान संचालन आज फिर बाधित हुआ। इसके चलते बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के अधिकारी ने यह जानकारी दी। खराब दृश्यता के कारण अब तक 49 प्रस्थान और 77 आगमन उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।



