सुप्रीम कोर्ट(Supreme Court) में आज एक महिला की याचिका पर सुनवाई हुई, जिसमें दावा किया गया है कि उसे बिना उचित वेरिफिकेशन के भारत से बांग्लादेश भेज दिया गया। महिला वर्तमान में गर्भवती हैं और बांग्लादेश में, सीमा से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित जेल में बंद हैं। इस याचिका को उनके पिता ने अदालत में दाखिल किया है।
सीनियर एडवोकेट संजय हेगड़े ने कोर्ट को बताया कि महिला का नाम सोनाली है और वह गर्भवती हैं। उनका पूरा परिवार बांग्लादेश में हिरासत में है। कोर्ट में उनके पिता ने भावुक अपील करते हुए कहा, “मैं भारतीय नागरिक हूं और मेरी बेटी भी भारतीय है, लेकिन उसे जबरन देश से बाहर भेज दिया गया।” उन्होंने अदालत से अनुरोध किया कि उन्हें मालदा लौटने की अनुमति दी जाए।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने याचिका पर तुरंत दखल देते हुए कहा कि मानवीय आधार पर सोनाली को भारत लौटने की अनुमति दी जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर उन्हें निगरानी में रखा जाए या हॉस्पिटल में रखा जाए, लेकिन उन्हें भारत लाया जाना चाहिए। कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल को तलब किया और कहा कि उनके आने के बाद इस मामले की पुनः सुनवाई होगी।



