दिल्ली ब्लास्ट: डॉक्टर शाहीन पर कानपुर के GSVM मेडिकल कॉलेज की बड़ी कार्रवाई, बोर्ड से हटाया नाम
डॉक्टर को भगवान का दर्जा दिया जाता है, लेकिन कुछ चिकित्सक अपने कृत्यों से इस सम्मान को कलंकित भी कर देते हैं। ऐसा ही मामला डॉक्टर शाहीन शाहिद का है, जिन्हें हाल ही में फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली ब्लास्ट से ठीक एक दिन पहले उजागर हुए आतंकी मॉड्यूल की जांच में उनके नाम का खुलासा हुआ था, जिसके तार कथित रूप से लाल किला विस्फोट से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज (जीएसवीएम) ने भी डॉक्टर शाहीन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कदम उठाए हैं।
कॉलेज प्रशासन ने फार्माकोलॉजी विभाग के बोर्ड से डॉक्टर शाहीन शाहिद का नाम शुक्रवार को हटा दिया। वर्षों से विभागीय बोर्ड पर अंकित यह नाम अब पूरी तरह मिटा दिया गया है। कॉलेज सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की संयुक्त जांच में सामने आए तथ्यों को देखते हुए यह कदम उठाया गया। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई कॉलेज की छवि को किसी भी संदिग्ध संदर्भ से बचाने के उद्देश्य से की गई है। आदेश के बाद तत्काल प्रभाव से बोर्ड में संशोधन कर डॉ. शाहीन का नाम हटाया गया, ताकि कोई गलत पहचान या लिंक न बने।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को एटीएस और क्राइम ब्रांच की टीमें पूरे दिन जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कैंपस में सक्रिय रहीं। जांच एजेंसियों ने फार्माकोलॉजी विभाग के साथ ही कार्डियोलॉजी यूनिट और अन्य संबंधित विभागों में गहन पड़ताल की। टीमों ने विभागीय रिकॉर्ड, पुरानी फाइलें, छात्र डेटा, एंट्री रजिस्टर, फैकल्टी डॉसियर और स्टूडेंट फाइलों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कई दस्तावेजों की कॉपियां तैयार की गईं, जबकि कुछ पुराने रजिस्टरों को आगे की कार्रवाई के लिए जब्त कर लिया गया।



