गंजपारा कब्रिस्तान के पास 700 एमएम पाइप फूटी,
निगम की टीम कल करेगी मरम्मत, शुक्रवार को वाटर सप्लाई के बाद होगा कार्य
नागरिकों से जल संरक्षण व पूर्व भंडारण की अपील — 11 अक्टूबर से सामान्य होगी आपूर्ति
दुर्ग. नगर पालिक निगम, दुर्ग क्षेत्र अंतर्गत स्थित गंजपारा कब्रिस्तान के पास 24 एमएलडी रॉ वॉटर की 700 एमएम व्यास की मुख्य पाइप लाइन में बुधवार देर रात लिकेज हो गया।
इस पाइप लाइन से प्रतिदिन फिल्टर प्लांट को बड़ी मात्रा में रॉ वॉटर (कच्चा पानी) भेजा जाता है, जो आगे टंकियों में जाकर शहरवासियों को पेयजल के रूप में उपलब्ध होता है। पाइप लाइन में लिकेज होने के कारण फिल्टर प्लांट तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे शहर के कई हिस्सों में जलापूर्ति प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है।
निगम के जल विभाग ने तत्काल मौके पर पहुंचकर लिकेज क्षेत्र का निरीक्षण किया। तकनीकी टीम ने स्थिति का आकलन करते हुए बताया कि पाइप लाइन का रिपेयर कार्य शुक्रवार, 10 अक्टूबर 2025 की सुबह जल आपूर्ति के बाद किया जाएगा, ताकि नागरिकों को सुबह के समय पानी की उपलब्धता बनी रहे।
रिपेयर कार्य के दौरान प्रभावित टंकियों और उनसे जुड़े इलाकों
शिक्षक नगर पानी टंकी ,तांदुला पानी टंकी , 11 एमएलडी की दोनों पानी टंकियां और आसपास का इलाका साथ ही शनिचरी बाजार पानी टंकी क्षेत्र में कुछ घंटों के लिए जलापूर्ति बंद रहेगी।वहीं क्षेत्रों में शुक्रवार को जलापूर्ति आंशिक या पूर्ण रूप से बाधित रहेगी।
निगम की तैयारी और कार्रवाई
महापौर अलका बाघमार एवं आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर जल विभाग की टीम को आवश्यक संसाधनों के साथ तैनात कर दिया गया है। मरम्मत के दौरान नागरिकों की सुविधा के लिए टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की भी तैयारी की जा रही है। निगम प्रशासन लगातार स्थिति पर नज़र बनाए हुए है ताकि कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जा सके और शनिवार को सामान्य जलापूर्ति बहाल हो सके।
महापौर व आयुक्त ने की नागरिकों से अपील
महापौर अलका बाघमार,आयुक्त सुमित अग्रवाल एवं प्रभारी लीना दिनेश देवांगन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शुक्रवार को पानी का संयमपूर्वक उपयोग करें और आवश्यकता अनुसार पूर्व में जल का भंडारण कर लें। उन्होंने कहा कि निगम की तकनीकी टीम पूरी तत्परता से काम कर रही है और किसी भी असुविधा को न्यूनतम रखने का प्रयास किया जा रहा है।
11 अक्टूबर को सामान्य होगी आपूर्ति
निगम प्रशासन ने जानकारी दी है कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद शनिवार, 11 अक्टूबर 2025 से शहर के सभी प्रभावित क्षेत्रों में जलप्रदाय सामान्य रूप से प्रारंभ हो जाएगा।



