Home छत्तीसगढ़ ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बसना...

‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बसना में फहराया तिरंगा, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

80
0
Spread the love

अभय धृतलहरे/महासमुन्द (समय दर्शन न्यूज)। देशभर में आज 79वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इसी क्रम में बसना नगर में भी स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व गरिमामय वातावरण में मनाया गया। नगर पंचायत बसना और विधायक कार्यालय में आयोजित समारोहों में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया।

बसना विधायक कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने तिरंगा फहराया और उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके पश्चात नगर पंचायत बसना में भी ध्वजारोहण किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्यजन उपस्थित थे।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन अवसर हमें हमारे अमर स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने मातृभूमि की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह उन्हीं वीरों की अमूल्य देन है।

उन्होंने आगे कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत एक समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना हम सभी का सर्वोच्च कर्तव्य है। आइए, इस गौरवपूर्ण दिवस पर हम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को दृढ़ निश्चय के साथ दोहराएं।

अपने संबोधन में विधायक डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्रीय विकास की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बसना क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जल और रोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार जनहित को सर्वोपरि मानते हुए हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।

इस शुभ अवसर पर स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाली स्वच्छता बहिनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने स्वच्छता बहिनों को सम्मानित करते हुए उनके कार्य को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि यह जन-जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा एक महत्वपूर्ण संकल्प है, जिसमें इन बहिनों की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।

इस अवसर पर नगर के विकास को नई दिशा देने हेतु 5 लाख की लागत से प्रस्तावित पालना घर निर्माण कार्य का शिलान्यास भी विधायक डॉ. अग्रवाल के कर कमलों से संपन्न हुआ। पालना घर की स्थापना से नगर में कार्यरत माताओं को एक सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्था प्राप्त होगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता और सामाजिक सुरक्षा दोनों में वृद्धि होगी।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, विधानसभा संयोजक एन. के. अग्रवाल,नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता,सीएमओ सूरज सिदार,सेवकदास दीवान, पार्षद डेनियल पीटर,पार्षद आशीष साहू,पार्षद वीणा निर्मल दास,पार्षद मुजम्मिल कादरी,पार्षद संगीता नायक,पार्षद महेंद्र सिंह,पूर्व सांसद प्रतिनिधि कामेश बंजारा,पार्षद राकेश डड़सेना,गौतम धृतलहरे, अभिमन्यु जायसवाल, जनपद सभापति जन्मजय साव,महामंत्री दीपक शर्मा,भाजपा कार्यकर्ता सहित भारी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।