भारतीय अंडर-19 टीम इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर है। फिलहाल दोनों देशों की युवा टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज जारी है, जिसका पहला मुकाबला मंगलवार को ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। दूसरा मुकाबला 20 जुलाई से केल्म्सफोर्ड में खेला जाएगा। इस मैच से पहले आयुष म्हात्रे के नेतृत्व वाली भारतीय अंडर-19 टीम ने गुरुवार को ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड का दौरा किया। इस दौरान कोच ऋषिकेश कानिटकर भी मौजूद रहे।
म्हात्रे ने लॉर्ड्स में मनाया 18वां जन्मदिन
चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज और भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने लॉर्ड्स में अपना 18वां जन्मदिन मनाया। इस दौरान उन्होंने कहा- ‘इस प्रतिष्ठित मैदान पर अपना जन्मदिन मनाकर मैं बहुत खास महसूस कर रहा हूं। यह मेरे जीवन के अब तक के सबसे यादगार पलों में से एक है।’
लॉर्ड्स म्यूजियम पहुंचे भारतीय खिलाड़ी
लॉर्ड्स की यात्रा के दौरान भारतीय अंडर-19 टीम के खिलाड़ियों ने लॉर्ड्स के ऑनर्स बोर्ड को भी देखा। इस दौरान युवा खिलाड़ियों को लॉर्ड्स म्यूजियम का भी दौरा करने का मौका मिला, जहां हाल ही में सचिन तेंदुलकर के चित्र का अनावरण किया गया था। खिलाड़ियों को इन लम्हों को अपने फोन में कैद करते देखा गया।



