Home खेल एक शतक जड़ते ही विराट और सचिन को इस मामले में पीछे...

एक शतक जड़ते ही विराट और सचिन को इस मामले में पीछे छोड़ देंगे पंत, द्रविड़ का रिकॉर्ड भी खतरे में

17
0
Spread the love

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार से बर्मिंघम में खेला जाएगा। इसको लेकर भारतीय खिलाड़ी जमकर पसीना बहा रहे हैं। लीड्स में हार के बाद भारत को वापसी करने के लिए यह टेस्ट जीतना होगा। हालांकि, बर्मिंघम में टीम इंडिया का पिछला रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। टीम ने आठ में से सात मैच गंवाए हैं और एक मैच ड्रॉ रहा है। हालांकि, शुभमन गिल अगला टेस्ट जीतकर इस मैदान पर जीत हासिल करने वाले पहले कप्तान बनना चाहेंगे। टीम को एक बार फिर ऋषभ पंत से काफी उम्मीदें होंगी।

भारत जब पिछली बार इस मैदान पर उतरा था तो पंत ने शतक लगाया था। 2022 में खेले गए उस मुकाबले में पंत ने पहली पारी में 146 रन और दूसरी पारी में 57 रन बनाए थे। अब उनसे फिर से शतक की उम्मीद की जा रही है। अगर वह आगामी टेस्ट में एक शतक लगाते हैं तो विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर को दो अलग-अलग मामले में पीछे छोड़ देंगे। फिर उनसे आगे सिर्फ राहुल द्रविड़ रह जाएंगे।

दरअसल, पंत ने अब तक इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में कुल मिलाकर पांच शतक जड़े हैं। इनमें चार शतक पंत ने इंग्लैंड की धरती पर और एक शतक भारतीय सरजमीं पर लगाया है। अगर वह एक शतक लगाते हैं तो इंग्लैंड में द्रविड़ के बाद दूसरे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी वह सचिन और दिलीप वेंगसरकर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। तीनों ने इंग्लैंड की धरती पर चार-चार शतक लगाए हैं। एक शतक लगाते ही पंत सचिन को पीछे छोड़ देंगे। द्रविड़ इस लिस्ट में शीर्ष पर हैं। उन्होंने इंग्लैंड में सबसे ज्यादा छह शतक लगाए हैं। अगर पंत दोनों पारियों में शतक लगाते हैं तो द्रविड़ की बराबरी कर लेंगे। दो से ज्यादा शतक लगाकर पंत के पास इस सीरीज में द्रविड़ से आगे निकलने का भी मौका है।

इतना ही नहीं, एक शतक लगाते ही पंत इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में दूसरे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे। इस मामले में वह मोहम्मद अजहरुद्दीन की बराबरी करेंगे। पंत ने घर और इंग्लैंड को मिलाकर इंग्लिश टीम के खिलाफ पांच शतक लगाए हैं। वह कोहली, पुजारा और वेंगसरकर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। एक शतक लगाते ही उनके छह शतक हो जाएंगे और अजहरुद्दीन की बराबरी कर लेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय में द्रविड़ और सचिन शीर्ष पर हैं। दोनों ने इंग्लिश टीम के खिलाफ सात-सात शतक जड़े हैं। पंत के पास इनसे आगे निकलने का भी मौका है।

इंग्लैंड में ओवरऑल सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले विदेशी बल्लेबाजों में ऑस्ट्रेलिया के महान सर डॉन ब्रैडमैन शीर्ष पर हैं। उन्होंने इंग्लैंड में 11 शतक जड़े थे। दूसरे और तीसरे नंबर पर भी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ही हैं। स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड में आठ शतक और पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने इंग्लैंड में सात शतक लगाए हैं। इसके बाद विदेशी बल्लेबाजों में राहुल द्रविड़ (6 शतक), वेस्टइंडीज के गॉर्डन ग्रीनीज (6 शतक), ऑस्ट्रेलिया के विलियम बार्डस्ले (5 शतक) और एलेन बॉर्डर (5 शतक) का नंबर आता है। वेस्टइंडीज के सर विवियन रिचर्ड्स, दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ, वेस्टइंडीज के सर गैरी सोबर्स और ऑस्ट्रेलिया के मार्क टेलर ने भी इंग्लैंड में पांच-पांच शतक लगाए हैं।