बहादुरों की तरह जिंदगी जिएं न कि कायरों की तरह -श्रद्धेय श्री सुधांशु जी महाराज
“शिव ज्ञान गंगा महोत्सव में सराबोर हुए छत्तीसगढ़ वासी
प्रसार प्रमुख संदीप खेमका
भिलाई (समय दर्शन)04 जनवरी विश्व जागृति मिशन भिलाई दुर्ग मण्डल द्वारा विगत दो दिनों से जयंती स्टेडियम में चल रहे चार दिवसीय शिव ज्ञान गंगा महोत्सव के तीसरे दिवस के सायंकालीन समारोह को सम्बोधन करने के पूर्व पूज्य श्री सुधांशु जी महाराज का मंच पर स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया।
परम पूज्य महाराजश्री जी ने कहा कि पहला गुरु माता और पिता लेकिन दूसरा गुरु सद्गुरु को कहा गया है। आभार व्यक्त करते हुए परमात्मा को याद करें और उनकी असीम कृपा को अनुभव करते हुए अपने सद्गुरु को मन ही मन प्रणाम प्रकट करें, जीवन में अनुशासन में रहना सभी को आना चाहिए, गुरु का होकर समर्पण करें। हर दिन गुरु के अमृत वचनों को सुनकर अपने जीवन को जागृत करें समाज के लिए कार्य करें। पूज्य महाराजश्री ने कहा कि बहादुरों की जिंदगी जिएं न कि कायरों की तरह। श्रद्धेय श्री सुधांशु जी महाराज ने कहा कि अपने माता और पिता को भरपूर सम्मान दें और उनका ध्यान रखें। माता पिता को ख्याल रखने वाले घरों में पितरों की असीम कृपा होती है।
कार्यक्रम में लोकप्रिय विधायक रिकेश सेन, एवं समाजसेवी चतुर्भुज राठी पधारे और पूज्य गुरुदेव से आशीर्वाद लिया। विश्व जागृति मिशन भिलाई दुर्ग मण्डल के महामंत्री श्री जय शंकर अग्रवाल जी ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने पूज्य श्री सुधांशु जी महाराज को राज्य अतिथि से नवाजा है, यह हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि रविवार को प्रातःकालीन सत्र के उपरान्त बड़ी संख्या में गुरु मंत्र दीक्षा होगा तथा सायंकालीन सत्र के साथ चार दिवसीय शिव ज्ञान गंगा महोत्सव का समापन होगा।



