रविवार को सायंकालीन होगा चार दिवसीय “शिव ज्ञान गंगा महोत्सव” का समापन
भिलाई (समय दर्शन)02 जनवरी (शुभारम्भ समारोह)। विश्व भर से जन जागरण के कार्य में संलग्न विश्व जागृति मिशन नई दिल्ली के अधीन सेवारत छत्तीसगढ़ की पावन धरा में स्थित इस्पात नगरी भिलाई मण्डल द्वारा जयंती स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय “शिव ज्ञान गंगा महोत्सव” का श्रीगणेश देश के जाने माने आध्यात्मिक सन्त एवं मिशन के संस्थापक अध्यक्ष परम पूज्य सुधांशु महाराज के साथ मण्डल के प्रधान चमन लाल बंसल एवं महामंत्री जय शंकर अग्रवाल ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके किया। व्यास पीठ पर आने के उपरान्त श्रद्धेय सदगुरुदेव जी का स्वागत एवं अभिनन्दन सर्वश्री चमन लाल बंसल एवं जय शंकर अग्रवाल सहित कई कार्यकर्ताओं ने किया।
उदघाटन समारोह में सत्संग सभा पर उपस्थित छत्तीसगढ़वासियों सहित देश भर से आए भक्तों को सम्बोधित करते हुए पूज्य महाराजश्री ने कहा कि कैसी भी डर व निराशा हो, सबका नाश करने वाला मंत्र है महामृत्युंजय महामंत्र। कृपा बाहर नहीं मिलती, भीतर ही मिलती है। खुद भगवान शिव भी अपने आनंद स्वरूप में पहुंचने के लिए शांत अवस्था में बैठे हुए हैं। भगवान शिव की आराधना करने वाला व्यक्ति कभी भी निराश नहीं होता है। दुःख रूपी अंधेरा को हटाने के लिए महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें। भगवान शक्ति भी और शिव भी दोनों एक ही जगह पर विराजमान हैं। पूज्य श्री सुधांशु महाराज ने कहा कि वर्ष 2025 का दूसरा दिवस में उपस्थित आप सभी को स्नेह भरा आशीर्वाद व मंगल हो सबका। सभी मंगलमय कामना पूर्ण हो, परमात्मा दयालु हैं और कृपालु भी हैं।
विश्व जागृति मिशन भिलाई मण्डल के प्रधान चमन लाल बंसल ने बताया कि पांच वर्षों के बाद हम सबके आराध्य एवं गुरुदेव श्री सुधांशु महाराज का आगमन भिलाई में नई ऊर्जा, नया उमंग और नया सन्देश लेकर आए हैं। हम सबका परम सौभाग्य है कि नए वर्ष का शुरुआत इस्पात नगरी से हो रही है। उन्होंने इस ज्ञान यज्ञ में खुद को शामिल करके अपने जीवन में नया उमंग और नया उल्लास जगाकर सनातन को बचाने में अपना योगदान निभाने को कहा। श्री बंसल ने बताया कि “शिव ज्ञान गंगा महोत्सव” का समापन रविवार को सायंकालीन सत्र के साथ सम्पन्न होगा।



