2018 कॉमनवेल्थ खेलों के लिए भारतीय हॉकी टीम की घोषणा, मनप्रीत सिंह होंगे कप्तान, सरदार सिंह को टीम में नहीं मिली जगह, चिंगलेनसना सिंह को बनाया गया उपकप्तान.

हॉकी इंडिया ने मंगलवार को कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए 18 सदस्यीय भारतीय हॉकी टीम की घोषणा कर दी। अनुभवी सरदार सिंह को टीम से बाहर कर दिया गया है। पिछले दिनों सरदार सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम अजलन शाह हॉकी टूर्नामेंट में खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी और उसे पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा था।
4 अप्रैल से गोल्ड कोस्ट में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारतीय हॉकी टीम इस प्रकार है-
गोलकीपर: पी आर श्रीजेश, सूरज करकेरा
डिफेंडर: रूपिंदर पाल सिंह, हरमनप्रीत सिंह, वरूण कुमार, कोथाजीत सिंह, गुरिंदर सिंह, अमित रोहिदास.
मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह ( कप्तान ), चिंगलेनसना सिंह, सुमित, विवेक सागर प्रसाद.
फारवर्ड: आकाशदीप सिंह, एस वी सुनील, गुरजंत सिंह, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, दिलप्रीत सिंह
मनप्रीत की कप्तानी में भारत ने 2017 एशिया कप में स्वर्ण और भुवनेश्वर में हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल में कांस्य पदक जीता था। अनुभवी गोलकीपर श्रीजेश चोट से उबरकर लौटे हैं। न्यूजीलैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने टीम में अपना स्थान फिर हासिल किया। उनका साथ 22 बरस के सूरज करकेरा देंगे जिन्होंने श्रीजेश की गैर मौजूदगी में पिछले साल भुवनेश्वर में अच्छा प्रदर्शन किया था। युवा दिलप्रीत सिंह और विवेक सागर प्रसाद को भी न्यूजीलैंड दौरे पर अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है।
भारत पिछले दो राष्ट्रमंडल खेलों में उपविजेता रहा है। भारत को पाकिस्तान, मलेशिया, वेल्स और इंग्लैंड के साथ पूल-बी में रखा गया है। भारतीय टीम 7 अप्रैल को पाकिस्तान के खिलाफ मैच से अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

