शत्रुघ्न सिन्हा कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कांग्रेस की रैली में शामिल हुए
सिन्हा का भाजपा पर तंज- कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, वरना यूं ही कोई बेवफा नहीं होता
नई दिल्ली. शत्रुघ्न सिन्हा शुक्रवार को कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा की रैली में शामिल हुए। उन्होंने ने कहा, ”कांग्रेस महात्मा गांधी, सरदार पटेल, पंडित नेहरू, जिन्ना, राजीव से लेकर राहुल गांधी तक और पहले भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पार्टी है। इस परिवार के सभी लोगों की देश के आजादी और विकास में अहम भूमिका रही। इसलिए इस परिवार में आया हूं। अब कभी मुड़कर नहीं देखूंगा। एक बार आ गया हूं तो संक्षेप में कहना चाहूंगा- कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, वरना यूं ही कोई बेवफा नहीं होता।”
छिंदवाड़ा से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के बेटे नकुलनाथ पहली बार लोकसभा चुनाव मैदान में हैं। वहीं, कमलनाथ विधानसभा उपचुनाव लड़ रहे हैं। सभा में शत्रुघ्न ने कांग्रेस की ‘न्याय’ योजना की तारीफ की और अपनी मजबूरियां बताकर भाजपा पर तंज भी कसा। भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर वे कांग्रेस में शामिल हुए थे। शत्रुघ्न पटना साहिब से कांग्रेस उम्मीदवार है।
