बी एस येदियुरप्पा आज सुबह 9 बजे लेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रुप में शपथ , राज्यपाल ने 15 दिनों के अंदर बहुमत साबित करने को कहा।
कर्नाटक में आज सुबह नौ बजे बी एस येदियुरप्पा मुख्यमंत्री के रुप में शपथ लेंगे। राज्यपाल बाजूभाईवाल ने भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। इस बात की जानकारी देते हुए भाजपा के महासचिव मुरलीधर राव ने कहा कर्नाटक में जनता ने कांग्रेस की नीतियों को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में पार्टी सबसे बड़े दल के रुप में उभरी है और उसे ही सरकार बनाने का नैतिक अधिकार है।
गौरतलब है कि मंगलवार को आए नतीजों में किसी भी दल को बहुमत हासिल नहीं हुआ था, लेकिन भाजपा सबसे बड़े दल के रुप में उभरी और उसे 104 सीटे हासिल हुई है। वहीं कांग्रेस को 78 और जेडीएस गठबंधन को 38 सीटें हासिल हुई हैं। कर्नाटक में सबसे ज्यादा सीटे हासिल करके भाजपा ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। इससे पहले बुधवार को ही बीजेपी विधायक दल की बैठक में नेता के तौर पर येदियुरप्पा को चुना गया। बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बीजेपी के सीएम पद के दावेदार बी.एस. येदियुरप्पा ने राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
वहीं 37 सीट हासिल करने के बाद जेडीएस की विधायक दल की बैठक में कुमार स्वामी को विधायक दल का नेता चुना गया। बाद में कुमार स्वामी ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। बीजेपी और जेडीएस ने तो अपना नेता तो चुन लिया है। लेकिन कांग्रेस विधायक दल की बैठक में नेता के नाम पर सहमति नहीं बन पायी। कहा जा रहा है कि पार्टी में इस बारे में एक राय नहीं है। पार्टी के कुछ विधायकों के बैठक में न आने की भी खबर है। हालांकि कांग्रेस का दावा है कि उसके सारे विधायक एकजुट हैं।
