अफगानिस्तान के बागलान प्रांत में पांच भारतीय इंजीनियरों के अगवा होने के मामले में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अफगान विदेश मंत्री से बात की। अफगान विदेश मंत्री ने भारतीय की सुरक्षित रिहाई के हर संभव प्रयास का आश्वासन दिया है।

अफगानिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने 5 भारतीय समेत छह लोगों को अगवा कर लिया है। अफगानिस्तान के बघलान इलाके से बंदूकधारियों ने एक भारतीय कंपनी में काम करने वाले कुल छह लोगों को बंदूक के बल पर अगवा कर लिया गया। सभी केईसी नामक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के कर्मचारी हैं। आतंकी संगठन तालिबान पर इन भारतीयों को अगवा करने का शक जताया जा रहा है। KEC कंपनी के इन कर्मचारियों को बघलान प्रांत की राजधानी पुल-ए-खोमरे शहर के बाग-ए-शमल गांव से अगवा किया गया। यह भारतीय कंपनी इलाके में बिजली का काम करती हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह अफगानिस्तान के अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। इस मामले में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री ने भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि अगवा भारतीयों को अपहर्तकर्ताओं के चंगुल से छुड़ाने के लिए अफगान प्रशासन उनसे संपर्क कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीयों की सुरक्षा के लिए पूरे इंतज़ाम किए जाएंगे।
