सीबीएसई पेपर लीक मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में एक कोचिंग संचालक तौकीर और दो अध्यापक ऋषभ और रोहित हैं शामिल। ऋषभ भौतिक विज्ञान का अध्यापक है जबकि रोहित गणित पढ़ाता है। अदालत ने आरोपियों को 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा।


सीबीएसई पेपर लीक मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पहली बार इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक कोचिंग संचालक तौकीर और दो अध्यापक ऋषभ और रोहित शामिल है। ऋषभ भौतिक विज्ञान का अध्यापक है जबकि रोहित गणित पढ़ाता है। गौरतलब है कि यह गिरफ्तारियां 12वीं कक्षा के अर्थशास्त्र और 10वीं का गणित का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में हुई है। ये प्रश्नपत्र परीक्षा से कुछ समय पहले व्हाट्सअप से लीक किए गए थे। दिल्ली की एक अदालत ने गिरफ्तार आरोपियों को 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
इस बीच सीबीएसई ने मामले में लापरवाही बरतने के लिए अपने एक अधिकारी को निलंबित कर दिया है। मामले की जानकारी देते हुए शिक्षा सचिव अनिल स्वरुप ने ट्वीट किया। सीबीएसई ने परीक्षा केन्द्रों पर निगरानी व्यवस्था में लापरवाही बरतने के मामले में अपने अधिकारी के. एस. राणा को निलंबित कर दिया है। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर के अपराधियों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई करने के आदेश पर.बोर्ड ने ये फैसला लिया। मामले की औपचारिक जांच भी शुरू कर दी गई है।