सोमवार को चौथे चरण के लिए मतदान किया जा रहा है। मुंबई में 17 सीटों पर वोटिंग हो रही है। राजनीतिक मुद्दो पर बेबाकी से अपनी राय देने वाली कंगना रनोट ने भी मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कांग्रेस को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा- ‘आज भारत हर मायने में आजाद है। इटेलियन सरकार से भारत आजाद है।’
मतदान करने पहुंची कंगना से जब पूछा गया कि आपके लिए मतदान कितना मायने रखता है तो कंगना ने कहा- वोट देना एक बेहद जरूरी काम है। ये दिन पांच साल में एक बार आता है। इसका इस्तेमाल हमें जरूर करना चाहिए। मुझे लगता है कि अब भारत को सही मायनों में आजादी मिल रही है। क्योंकि इससे पहले हम मुगल, कांग्रेस और फिर इटेलियन सरकार के गुलाम रहे हैं। इसलिए सभी को अपने कीमती वोट का इस्तेमाल करना चाहिए।
कांग्रेस पर साधा निशाना
इस बयान से कंगना ने कांग्रेस पार्टी पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने भले ही पार्टी का नाम ना लिया लेकिन इटालियन शब्द सीधा कांग्रेस की ओर इशारा करता है। कंगना यहीं नहीं रुकीं उन्होंने कांग्रेस के कई नेताओं को भी आड़े हाथों लिया। कंगना ने कहा- ‘ एक वक्त था जब हमारे राजनेता लंदन में आराम फरमाते थे और देश गरीबी, प्रदूषण की मार झेलता था। देश की क्या दुर्दशा कर दी थी। अब हमारे स्वराज और स्वधर्म का समय आया है। इसलिए हमें बड़ी संख्या में बाहर निकलकर भारत के लिए वोट करना चाहिए।’
कंगना हाल ही में फिल्म मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी में नजर आई थीं। फिलहाल वो फिल्म पंगा की शूटिंग कर रही हैं।

