Chhattisgarh

बिन फेरे हम तेरे…जब पुलिस ने दे दिया आशीष तो डर काहे का

मुंगेली। छत्तीसगढ़ पुलिस का सामाजिक सरोकार फिर सामने आया है। बस्तर के बीहड़ों में भटकते हुए नक्सलवाद से नाता तोड़कर समाज की मुख्य धारा में शामिल होने वाले जोड़ों का ब्याह पुलिस रचाती है तो माहौल कुछ अलग ही होता है। मगर अब मुंगेली पुलिस ने आज प्यार करने वाले प्रेमी जोड़े की दर्द भरी दास्तां सुन थाने में ही दोनों की शादी करवाई और दोनों परिवारों को समझा-बुझा कर मना लिया। थाने में ही प्रेमी -प्रेमिका ने एक दूसरे को माला पहना कर साथ जीने-मरने की कसमें खाई तो पुलिसकर्मी भी नव दंपति को आशीर्वाद देने से खुद को रोक नहीं सके। दुल्हे ने दुल्हन के माथे पर सिंदूर लगाने की रस्म थाने में ही पूरी की, जिसके गवाह पुलिसकर्मी ही बने। मिली जानकारी के अनुसार लालपुर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी अनिल साहू का रामगढ़ निवासी संतोषी साहू से तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की पक्ष के लोग शादी से मना कर रहे थे। परिवार से तंग आकर दोनों पुलिस की शरण में पहुंचे और अपने प्यार की दास्तान सुनाई। पुलिस ने दोनों के परिजनों को बुलवाकर समझाया। लड़का – लड़की के परिवार शादी के लिए राजी हुए। फिर लड़का- लड़की के परिजनों और पुलिस ने विधि विधान से मुंगेली सिटी कोतवाली में शादी करवा दी। इस मंगल बेला में टीआई आशीष अरोरा, राजकुमारी यादव, प्रतापपुर सरपंच वकार अली, रामगढ़ सरपंच प्रतिनिधि नेतराम साहू आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *